Edited By Yakeen Kumar, Updated: 05 Oct, 2025 03:49 PM

यमुनानगर जिले की छछरौली नई अनाज मंडी में CM फ्लाइंग की टीम ने औचक निरीक्षण किया, जिससे मंडी में अफरा-तफरी मच गई।
यमुनानगर (परवेज खान) : यमुनानगर जिले की छछरौली नई अनाज मंडी में CM फ्लाइंग की टीम ने औचक निरीक्षण किया, जिससे मंडी में अफरा-तफरी मच गई। टीम ने आढ़तियों के रिकॉर्ड और दस्तावेजों की गहन जांच की तथा विभिन्न फड़ों से धान की करीब 50 बोरियों की दोबारा तुलाई कराई। जांच में अधिकांश बोरियों के वजन में भारी अंतर पाया गया। कुछ बोरियों में निर्धारित क्षमता से अधिक वजन था, जबकि कुछ में कम निकला।
कृष्णा ट्रेडिंग कंपनी की बोरियों में भी गड़बड़ी मिलने पर टीम ने विभागीय कार्रवाई के आदेश जारी किए। निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि कई आढ़ती अब भी मैन्युअल कांटे से तुलाई कर रहे हैं, जबकि इलेक्ट्रॉनिक कांटे मौजूद नहीं थे। टीम के पहुंचते ही कुछ आढ़तियों ने तुलाई का कार्य रोक दिया और मौके से इधर-उधर हो गए।
दोषी आढ़तियों भेंजे जाएंगे नोटिस- इंस्पेक्टर
धान बेचने पहुंचे किसान कर्मबीर ने आढ़तियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए जोरदार हंगामा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि आढ़ती वजन तोलने वाले उपकरण छुपा रहे हैं। सीएम फ्लाइंग टीम के इंचार्ज राजेश कुमार ने बताया कि निरीक्षण में कई खामियां मिली हैं और संबंधित विभागों को कार्रवाई के निर्देश दे दिए गए हैं। वहीं नाप-तोल विभाग के इंस्पेक्टर मोहन शर्मा ने कहा कि दोषी आढ़तियों को नोटिस भेजे जाएंगे।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)