Edited By Krishan Rana, Updated: 04 May, 2026 08:35 PM

जिले के लाडवा क्षेत्र में पुलिस ने गश्त के दौरान एक युवक को काबू कर उसके कब्जे से अवैध हथियार और ट्रांसफॉर्मर चोरी में
कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा): जिले के लाडवा क्षेत्र में पुलिस ने गश्त के दौरान एक युवक को काबू कर उसके कब्जे से अवैध हथियार और ट्रांसफॉर्मर चोरी में इस्तेमाल होने वाले औजार बरामद किए हैं। आरोपी की पहचान यमुनानगर जिले के गांव मोहड़ी निवासी आदिल के रूप में हुई है।
पुलिस जानकारी के अनुसार सीआईए-लाडवा की टीम इंद्री चौक के पास गश्त कर रही थी, तभी एक मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक बिना कागजात की बाइक पर अवैध हथियार व चोरी के औजार लेकर यमुनानगर से कुरुक्षेत्र की ओर आ रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने अनाज मंडी गेट के सामने नाका लगाकर वाहनों की जांच शुरू कर दी।
कुछ समय बाद संदिग्ध युवक बाइक पर आता दिखाई दिया। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर आरोपी ने बाइक मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर ही काबू कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के बैग से ट्रांसफॉर्मर खोलने में इस्तेमाल होने वाले औजार जैसे चाबियां, पाने, पेंचकस, आरी के ब्लेड और सरिया बरामद किए गए। इसके अलावा एक देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस भी मिले हैं।
सीआईए-लाडवा के इंचार्ज सुरेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ थाना लाडवा में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी के कब्जे से बरामद बाइक के भी कोई कागजात नहीं मिले, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि वह किसी गिरोह से जुड़ा हुआ है या नहीं।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)