Edited By Manisha rana, Updated: 22 Apr, 2026 02:54 PM

जिले के लाडवा क्षेत्र के हलालपुर गांव में एक किसान द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मृतक किसान लाभ सिंह ने इमिग्रेशन सेंटर संचालकों के कथित दबाव से परेशान होकर जहरीला पदार्थ निगल लिया था।
कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा): जिले के लाडवा क्षेत्र के हलालपुर गांव में एक किसान द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मृतक किसान लाभ सिंह ने इमिग्रेशन सेंटर संचालकों के कथित दबाव से परेशान होकर जहरीला पदार्थ निगल लिया था। करीब 16 दिन तक चंडीगढ़ के सेक्टर-32 स्थित सरकारी अस्पताल में उपचार के बाद उसकी मौत हो गई।
मंगलवार को जब लाभ सिंह का शव गांव पहुंचा तो परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। उन्होंने अंतिम संस्कार करने से साफ इंकार कर दिया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सुबह 10 बजे तक का अल्टीमेटम दे दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे अपनी मांग पर अड़े रहे।
परिजनों का आरोप है कि इमिग्रेशन सेंटर संचालक संदीप कुमार और उसके सहयोगियों ने लाभ सिंह पर पैसों और जमीन को लेकर दबाव बनाया था। बताया जा रहा है कि विदेश भेजने के नाम पर आरोपी ने लाभ सिंह के खाते में करीब 45 लाख रुपये डलवाए और बाद में इनकम टैक्स का डर दिखाकर 2 एकड़ जमीन का एग्रीमेंट करवा लिया। इसके बाद आरोपी ने पैसे वापस लेने या जमीन अपने नाम कराने का दबाव बनाना शुरू कर दिया।
मृतक के रिश्तेदार संदीप सिंह के अनुसार, इसी मानसिक दबाव के चलते लाभ सिंह ने 5 अप्रैल को जहरीला पदार्थ निगल लिया। पहले पुलिस ने बयान दर्ज नहीं किया, लेकिन बाद में उच्च अधिकारियों से गुहार के बाद पीजीआई चंडीगढ़ पहुंचकर बयान लिया गया। परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में एक स्थानीय नेता की भी संलिप्तता है। उन्होंने चेतावनी दी है कि जब तक सभी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा और जरूरत पड़ी तो आंदोलन भी किया जाएगा।
वहीं थाना लाडवा के SHO गुरनाम सिंह ने बताया कि मृतक के बयान के आधार पर आरोपी संदीप कुमार के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)