Edited By Manisha rana, Updated: 03 May, 2026 03:03 PM

कुरुक्षेत्र शहर की नई अनाज मंडी में एक आढ़ती द्वारा जहरीला पदार्थ निगलने का मामला सामने आया है। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा) : कुरुक्षेत्र शहर की नई अनाज मंडी में एक आढ़ती द्वारा जहरीला पदार्थ निगलने का मामला सामने आया है। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक पिछले कुछ समय से व्यापार और प्रॉपर्टी से जुड़े मामलों को लेकर मानसिक तनाव में बताया जा रहा था।
मृतक की पहचान 42 वर्षीय राममेहर निवासी आकाश नगर के रूप में हुई है। वह नई अनाज मंडी में आढ़त का काम करता था। जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 12 बजे उसने अपनी दुकान पर ही जहरीला पदार्थ निगल लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे तुरंत एक निजी अस्पताल ले गए, जहां से उसे गंभीर हालत में दूसरे अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार, राममेहर अपने व्यापार और प्रॉपर्टी के लेन-देन को लेकर काफी समय से परेशान चल रहा था। करनाल निवासी राजेश कुमार ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसकी बहन नीलम की शादी करीब 20 साल पहले राममेहर के साथ हुई थी और उनके दो बेटियां हैं।
घटना की सूचना मिलते ही थाना कृष्णा गेट के अंतर्गत सुभाष मंडी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर इत्तफाकिया रिपोर्ट दर्ज कर ली है। वहीं SHO बलजीत सिंह ने बताया कि फिलहाल परिवार की ओर से किसी पर कोई शक जाहिर नहीं किया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)