Edited By Isha, Updated: 24 Oct, 2026 06:47 PM

कुरुक्षेत्र जिले के शाहाबाद क्षेत्र के गांव धंतौड़ी की छात्रा पायल की मौत के मामले में करीब 10 माह बाद जांच कमेटी गठित की गई है। बेटी की मौत का सच जानने के लिए पिता संजीव कुमार लगातार प्रयास कर रहे हैं। मामले को लेकर उन्होंने ग्रिवेंस
कुरुक्षेत्र(कपिल शर्मा): कुरुक्षेत्र जिले के शाहाबाद क्षेत्र के गांव धंतौड़ी की छात्रा पायल की मौत के मामले में करीब 10 माह बाद जांच कमेटी गठित की गई है। बेटी की मौत का सच जानने के लिए पिता संजीव कुमार लगातार प्रयास कर रहे हैं। मामले को लेकर उन्होंने ग्रिवेंस कमेटी में शिकायत रखी, जिसके बाद कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने मामले की जांच के लिए कमेटी गठित करने के निर्देश दिए। शाहाबाद के एसडीएम शंभू राठी को कमेटी का अध्यक्ष बनाया गया है। कमेटी 28 अक्तूबर को पायल के घर जाकर मामले की जांच करेगी।
संजीव कुमार के अनुसार, घटना 2 जनवरी 2026 की है। पायल निजी स्कूल में दसवीं कक्षा की छात्रा थी। एक जनवरी को स्कूल की ओर से विद्यार्थियों और स्टाफ को राजस्थान के खाटूश्याम धार्मिक यात्रा पर ले जाया गया था। पिता का आरोप है कि खराब मौसम और सर्दी के कारण उन्होंने बेटी को यात्रा पर भेजने से मना किया था, लेकिन स्कूल प्रबंधन के दबाव के चलते उसे यात्रा पर जाना पड़ा। दो जनवरी की रात करीब 12:10 बजे पायल की मौत की सूचना परिवार को मिली।
स्कूल प्रबंधन पर सूचना छिपाने का आरोप
पिता का आरोप है कि बेटी की मौत के बारे में उन्हें समय पर पूरी जानकारी नहीं दी गई। उन्होंने बताया कि जन्मदिन के अवसर पर परिवार बेटी को बधाई देना चाहता था, लेकिन स्कूल की शिक्षिका और प्रिंसिपल से कई बार संपर्क करने के बावजूद उनकी बेटी से बात नहीं करवाई गई। बाद में स्कूल बस के चालक ने बताया कि पायल के दोनों पैर टूट गए थे और उसे दूसरे अस्पताल में भर्ती करवाया गया था।
हादसा नहीं, हत्या का आरोप
संजीव कुमार का कहना है कि उनकी बेटी की मौत दुर्घटना में नहीं हुई, बल्कि उसके साथ मारपीट कर उसे मारा गया। उन्होंने पोस्टमार्टम रिपोर्ट का हवाला देते हुए सिर के बाईं ओर चोट और फ्रैक्चर होने की बात कही है। उन्होंने मामले की दोबारा जांच करवाने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने राजस्थान पुलिस, हरियाणा पुलिस और प्रधानमंत्री को भी शिकायत भेजी थी।
शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं होने का आरोप
संजीव कुमार के अनुसार, पायल की मौत के बाद उसके ताऊ सुभाष चंद की शिकायत पर राजस्थान के खाटूश्यामजी थाने में मामला दर्ज हुआ था। हालांकि, उनका आरोप है कि शुरुआती शिकायत में घटना को दुर्घटना से जुड़ा बताया गया और बाद में उन्हें मामले में कई विसंगतियां नजर आईं। उन्होंने 16 जनवरी 2026 को ऑनलाइन शिकायत भेजी तथा 18 मार्च को सीकर के पुलिस अधीक्षक से भी कार्रवाई की मांग की।
बेटे को भी स्कूल से हटाया
संजीव कुमार ने आरोप लगाया कि उनका बेटा जश भी इसी स्कूल में पढ़ता था, लेकिन बेटी की मौत के बाद परिवार ने उसे भी स्कूल से हटा लिया। अब जांच कमेटी के गठन से परिवार को मामले की निष्पक्ष जांच और सच्चाई सामने आने की उम्मीद है।