Edited By Harman, Updated: 24 Oct, 2026 12:55 PM

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष शंकर लाल धूपड़ एवं सचिव दीपक बाबूलाल करवा ने बताया कि हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा-2025 के अभ्यर्थियों को बायोमैट्रिक वैरीफिकेशन प्रक्रिया पूरी करवाने का अवसर दिया गया है।
हरियाणा डेस्क : हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष शंकर लाल धूपड़ एवं सचिव दीपक बाबूलाल करवा ने बताया कि हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा-2025 के अभ्यर्थियों को बायोमैट्रिक वैरीफिकेशन प्रक्रिया पूरी करवाने का अवसर दिया गया है।
अभ्यर्थी 6 व 7 नवम्बर को शिक्षा बोर्ड मुख्यालय भिवानी पर उपस्थित होकर अपनी बायोमैट्रिक वैरीफिकेशन प्रक्रिया पूरी करवा सकते हैं। यहां बता दें कि इस परीक्षा का आयोजन 4 व 5 जुलाई को करवाया गया था तथा परीक्षा परिणाम 22 अगस्त को घोषित किया जा चुका है। पूर्व में सभी अभ्यर्थियों को 10 से 12 अगस्त, 30 व 31 अगस्त तथा 4 अक्तूबर को बायोमैट्रिक वैरीफिकेशन प्रक्रिया पूरी करने के मौके दिए थे।
ऐसे अभ्यर्थी जिन्हें बायोमैट्रिक वैरीफिकेशन प्रक्रिया पूरी करने के लिए केवल एक अथवा 2 अवसर मिले हैं और जिनका परीक्षा परिणाम आर.एल.वी. दर्शाया गया है, उनको 6 व 7 नवम्बर को बायोमैट्रिक वैरिफिकेशन प्रक्रिया पूरी करने के लिए अवसर दिया जा रहा है। गौरतलब है कि बायोमैट्रिक वैरीफिकेशन के लिए अभ्यर्थी द्वारा अपना फोटोयुक्त मूल पहचान पत्र तथा मूल प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) लेकर आना अनिवार्य होगा।