Edited By Isha, Updated: 24 Oct, 2026 05:30 PM

कुरुक्षेत्र जिले के शाहाबाद क्षेत्र में लिफ्ट देने के बहाने बुजुर्ग महिलाओं को निशाना बनाकर बालियां छीनने की वारदात सामने आई है। छपरा गांव की 55 वर्षीय सुनहरी देवी के साथ हुई घटना में बाइक सवार युवक ने उसे गांव तक छोड़ने के बहाने
कुरुक्षेत्र: कुरुक्षेत्र जिले के शाहाबाद क्षेत्र में लिफ्ट देने के बहाने बुजुर्ग महिलाओं को निशाना बनाकर बालियां छीनने की वारदात सामने आई है। छपरा गांव की 55 वर्षीय सुनहरी देवी के साथ हुई घटना में बाइक सवार युवक ने उसे गांव तक छोड़ने के बहाने बाइक पर बैठाया। गांव के पास पहुंचने पर महिला ने बाइक रोकने के लिए कहा, लेकिन आरोपी ने बाइक की रफ्तार बढ़ा दी। बालियां छीनने और लूटपाट की आशंका के बीच महिला चलती बाइक से कूद गई, जिससे वह घायल हो गई।
सुनहरी देवी के सिर, मुंह, बाजू और घुटनों पर चोटें आईं। वह किसी तरह पैदल घर पहुंची, जिसके बाद परिजन उसे अस्पताल लेकर गए। वहां उसका इलाज करवाया गया। बताया गया कि महिला दोपहर के समय शुगर मिल के पास बस का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान हेलमेट पहने एक युवक बाइक पर आया और उसे गांव छोड़ने की बात कही। महिला को उस पर शक नहीं हुआ और वह बाइक पर बैठ गई।
गांव के पास पहुंचने पर महिला ने बाइक रोकने को कहा, लेकिन युवक ने बाइक नहीं रोकी। महिला ने शोर मचाया और बाइक सवार को रोकने की कोशिश की। जब आरोपी ने रफ्तार और बढ़ा दी तो महिला ने चलती बाइक से छलांग लगा दी। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
चार दिन में दूसरी वारदात
जानकारी के अनुसार, इससे पहले 19 अक्टूबर को भी शाहाबाद क्षेत्र में इसी तरह की वारदात हुई थी। चढ़ूनी गांव की 80 वर्षीय नानकी देवी अपने बेटे कर्म सिंह के साथ शरीफगढ़ गांव के बस अड्डे के पास खड़ी थीं। दोनों दवा लेने के लिए शाहाबाद जाने के लिए बस का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान एक बाइक सवार युवक ने नानकी देवी को लिफ्ट देने की पेशकश की।
बेटे ने भरोसा करके अपनी मां को बाइक पर बैठा दिया। आरोपी उन्हें खरिंडवा गांव की तरफ खेतों के पास ले गया और धक्का देकर नीचे गिरा दिया। इसके बाद उनके कानों से सोने की बालियां छीनकर फरार हो गया। गिरने से नानकी देवी बेहोश हो गई थीं और उनके कानों में गंभीर चोटें आई थीं।
लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं के मद्देनजर बुजुर्गों और अन्य लोगों को अनजान व्यक्तियों से लिफ्ट लेने के दौरान सावधानी बरतने की जरूरत है। किसी संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में आसपास के लोगों की मदद लें और तुरंत पुलिस को सूचना दें।