Edited By Krishan Rana, Updated: 15 Oct, 2026 01:48 PM

कुरुक्षेत्र के प्रतापगढ़ गांव स्थित सरकारी गर्ल्स स्कूल में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब स्कूल के कंप्यूटर
गुहला/चीका (कपिल शर्मा): कुरुक्षेत्र के प्रतापगढ़ गांव स्थित सरकारी गर्ल्स स्कूल में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब स्कूल के कंप्यूटर रूम में करीब 5 से 6 फुट लंबा कोबरा सांप दिखाई दिया। सांप को देखकर शिक्षिका घबरा गई और तुरंत कमरे से बाहर निकलकर स्कूल स्टाफ को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलने पर डायल-112 और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन सांप को पकड़ने में सफलता नहीं मिली। बाद में स्नेक मैन गुलशन को बुलाया गया, जिसने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद कोबरा को सुरक्षित पकड़ लिया।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 8 बजे एक शिक्षिका किसी काम से कंप्यूटर रूम में पहुंची थी। उस समय बारिश के कारण मौसम खराब था और स्कूल की बिजली भी गुल थी। कमरे में पहुंचने पर उसे कुछ आवाज सुनाई दी। जब वह आवाज की दिशा में आगे बढ़ी तो वहां कोबरा मौजूद था। शिक्षिका के उसके नजदीक पहुंचते ही सांप फन फैलाकर खड़ा हो गया और फुंकार मारने लगा। यह देखकर शिक्षिका तुरंत कमरे से बाहर भागी और स्कूल स्टाफ को मामले की जानकारी दी।
डायल-112 और फायर ब्रिगेड की टीम भी नहीं पकड़ पाई सांप
स्कूल में कोबरा होने की सूचना मिलने पर डायल-112 और फायर ब्रिगेड की टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने सांप को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन कोबरा पकड़ में नहीं आया और लगातार फुंकार मारता रहा। इसके बाद स्नेक मैन गुलशन को सूचना दी गई।
गुलशन मौके पर पहुंचा और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद सांप को पकड़ने में कामयाब रहा। बताया गया कि कमरे में अंधेरा होने के कारण पहले सांप को बाहर निकाला गया और फिर उसे सुरक्षित पकड़ा गया। बाद में कोबरा को जंगल में छोड़ दिया गया।
शिकार करने के बाद छिपने के लिए आया था कमरे में
स्नेक मैन गुलशन के अनुसार, कोबरा कुछ देर पहले ही किसी जीव का शिकार कर चुका था। शिकार करने के बाद वह उसे पचाने के लिए किसी एकांत स्थान की तलाश में था। इसी दौरान वह स्कूल के कंप्यूटर रूम में पहुंच गया और अंधेरे में छिपकर बैठ गया। गनीमत रही कि शिक्षिका के उसके बेहद नजदीक पहुंचने के बावजूद कोई अनहोनी नहीं हुई।
सांप पकड़े जाने तक कंप्यूटर रूम के पास जाने पर रोक
स्कूल में कोबरा मिलने की खबर फैलते ही हड़कंप मच गया। एहतियात के तौर पर स्कूल स्टाफ ने विद्यार्थियों और अन्य लोगों को कंप्यूटर रूम के आसपास जाने से रोक दिया। सांप को सुरक्षित पकड़कर जंगल में छोड़े जाने के बाद स्कूल स्टाफ ने राहत की सांस ली।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)