Edited By Krishan Rana, Updated: 26 Oct, 2026 01:57 PM

हरियाणा के सरकारी स्कूलों में कार्यरत 10,757 गेस्ट टीचर्स को नियमित करने की मांग को लेकर शिक्षकों ने सोमवार
कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा): हरियाणा के सरकारी स्कूलों में कार्यरत 10,757 गेस्ट टीचर्स को नियमित करने की मांग को लेकर शिक्षकों ने सोमवार को आंदोलन तेज कर दिया। दूसरे दिन भी न्याय रैली निकाल रहे गेस्ट टीचर्स को रोकने के लिए पुलिस ने शाहाबाद के बराड़ा रोड पर बैरिकेडिंग की और वाटर कैनन व आंसू गैस के वाहन तैनात किए। इसके बावजूद प्रदर्शनकारी शिक्षक अलग-अलग रास्तों से आगे बढ़ते हुए अंबाला के मोहड़ा पहुंचे।
गेस्ट टीचर्स रविवार रात शाहाबाद के शहीद उधम सिंह स्मारक पर ठहरे थे। इस दौरान गुरुद्वारा मंज़ी साहिब की कार सेवा की ओर से उनके लिए लंगर की व्यवस्था की गई। सोमवार सुबह करीब 11 बजे शिक्षक शाहाबाद से अंबाला की ओर रवाना हुए। पुलिस ने रास्ते में उन्हें रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने अपनी रणनीति बदलते हुए बाइक, कार और बसों के माध्यम से मोहड़ा पहुंचने का रास्ता अपनाया। कुछ शिक्षक नेता शाहाबाद में ही बैरिकेडिंग के पास रुककर भाषण देते रहे, जबकि अन्य शिक्षक आगे बढ़ गए।
2014 की नियमितीकरण नीति लागू करने की मांग
संयुक्त संघर्ष मोर्चा के प्रवक्ता कुलदीप झरेली ने कहा कि सरकार को वर्ष 2014 में बनाई गई तीन वर्षीय नियमितीकरण नीति लागू करनी चाहिए। उनका कहना है कि जो शिक्षक नीति की निर्धारित शर्तें पूरी करते हैं, उनकी सेवाएं नियमित की जानी चाहिए। लंबे समय से सरकारी स्कूलों में सेवाएं दे रहे शिक्षकों को नियमित करने के साथ जून 2014 से मिलने वाले लाभ भी दिए जाएं।
गेस्ट टीचर्स की प्रमुख मांग है कि अदालत के फैसलों के अनुसार 28 मई 2014 से उन्हें नियमित माना जाए। गेस्ट टीचर्स के प्रवक्ता डॉ. अजय लोहन के मुताबिक, नियमितीकरण की तारीख से बकाया राशि पर 6 प्रतिशत ब्याज, ग्रेच्युटी, पेंशन और अन्य देय लाभ दिए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षकों को नए नियमों के तहत ईपीएफ, वेतन वृद्धि, मेडिकल लीव और नियमितीकरण से संबंधित स्पष्ट प्रावधानों का लाभ मिलना चाहिए।

मंत्रियों और विधायकों को सौंपेंगे ज्ञापन
गेस्ट टीचर्स ने आंदोलन को आगे भी जारी रखने की तैयारी की है। सोमवार को विधायकों और मंत्रियों को अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपने की योजना बनाई गई। इसके बाद 1 नवंबर को गुरुग्राम, कैथल, अंबाला, करनाल, हिसार और रोहतक में रैलियां आयोजित करने की तैयारी है।
नियमित होने पर मिलेंगी सरकारी कर्मचारियों जैसी सुविधाएं
प्रदर्शनकारी शिक्षकों का कहना है कि नियमित होने के बाद उन्हें सरकारी शिक्षकों की तरह वेतनमान, महंगाई भत्ता, मकान किराया भत्ता, चिकित्सा सुविधाएं, अर्जित अवकाश, मातृत्व एवं पितृत्व अवकाश, वार्षिक वेतन वृद्धि और नियमानुसार पेंशन संबंधी लाभ मिल सकेंगे। शिक्षकों ने सरकार से मांगों पर जल्द निर्णय लेने की अपील की है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)