Haryana: फरीदाबाद में प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच फंसा यात्री, RPF कांस्टेबल ने बचाई जान

Edited By Manisha rana, Updated: 04 May, 2026 04:22 PM

passenger stuck between platform and train in faridabad

फरीदाबाद जिले के बल्लभगढ़ रेलवे स्टेशन पर शनिवार दोपहर एक बड़ा हादसा टल गया। घटना की तस्वीर प्लेटफॉर्म पर लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हो गई है।

फरीदाबाद (अनिल राठी) : फरीदाबाद जिले के बल्लभगढ़ रेलवे स्टेशन पर शनिवार दोपहर एक बड़ा हादसा टल गया। घटना की तस्वीर प्लेटफॉर्म पर लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हो गई है। चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश कर रहा एक यात्री अचानक संतुलन बिगड़ने से प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच फंस गया था, लेकिन मौके पर मौजूद आरपीएफ जवान की सतर्कता और बहादुरी के कारण उसकी जान बच गई।

जानकारी के अनुसार यह घटना शनिवार दोपहर करीब 1 बजकर 8 मिनट पर प्लेटफॉर्म नंबर 4 पर हुई। उस समय गाड़ी संख्या 12060 जनशताब्दी एक्सप्रेस अपने निर्धारित ठहराव के बाद स्टेशन से रवाना हो रही थी। यह ट्रेन हजरत निजामुद्दीन से चलकर कोटा तक जाती है और इसका पहला ठहराव बल्लभगढ़ रेलवे स्टेशन पर होता है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेन के प्लेटफॉर्म से चलने के दौरान एक यात्री जल्दी में उसमें चढ़ने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और उसका संतुलन बिगड़ गया। देखते ही देखते वह ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच खतरनाक तरीके से फंस गया। यह दृश्य देखकर प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और लोग घबरा गए। स्थिति बेहद गंभीर थी, क्योंकि अगर थोड़ी सी भी देर हो जाती, तो यात्री गंभीर हादसे का शिकार हो सकता था। उसी समय वहां ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ कांस्टेबल विकास ने तुरंत स्थिति को समझा और बिना देर किए साहस का परिचय देते हुए कार्रवाई की। उन्होंने तुरंत यात्री को पकड़कर अपनी ओर खींच लिया और उसे सुरक्षित प्लेटफॉर्म पर बाहर निकाल लिया।

कांस्टेबल की इस सूझबूझ और तेजी से की गई कार्रवाई के कारण एक बड़ा हादसा टल गया और यात्री की जान बच गई। घटना के बाद प्लेटफॉर्म पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली और आरपीएफ जवान की बहादुरी की सराहना की। इस पूरी घटना का वीडियो प्लेटफॉर्म पर लगे सीसीटीवी कैमरों में भी साफ दिखाई दे रहा है। फुटेज में देखा जा सकता है कि किस तरह यात्री ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फंस गया था और आरपीएफ जवान ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। आरपीएफ प्रभारी श्रवण कुमार ने बताया कि कांस्टेबल की सतर्कता और तत्परता के कारण एक व्यक्ति की जान बचाई जा सकी। उन्होंने कहा कि रेलवे यात्रियों की सुरक्षा को लेकर हमेशा सतर्क रहता है, लेकिन यात्रियों को भी सावधानी बरतनी चाहिए।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)        


 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!