Edited By Pawan Kumar Sethi, Updated: 05 Aug, 2026 08:56 PM

सेक्टर-43 क्राइम ब्रांच ने रैपिडो के जरिए राइड बुक कर स्कूटी लूटने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू और लूटी गई दो स्कूटी बरामद की हैं।
गुड़गांव, (ब्यूरो): सेक्टर-43 क्राइम ब्रांच ने रैपिडो के जरिए राइड बुक कर स्कूटी लूटने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू और लूटी गई दो स्कूटी बरामद की हैं।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस के अनुसार, 3 अगस्त 2026 को एक राइडर ने सुशांत लोक थाना पुलिस में शिकायत दी कि वह किराये पर स्कूटी चलाता है। तडक़े करीब 3:20 बजे उसे रैपिडो ऐप के माध्यम से सेक्टर-43 से बुकिंग मिली। एक युवक उसकी स्कूटी पर बैठ गया और कुछ दूरी पर पहुंचने के बाद उसने चाकू गर्दन पर रख दिया। इसी दौरान उसका दूसरा साथी भी वहां पहुंच गया। दोनों आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देकर स्कूटी लूट ली और फरार हो गए। शिकायत पर सुशांत लोक थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। मामले की जांच के दौरान सेक्टर-43 क्राइम ब्रांच ने कन्हैई ढाणी से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जिनकी पहचान सत्यम भट्ट (19) निवासी सिद्धार्थ नगर, उत्तर प्रदेश तथा वर्तमान निवासी झाड़सा और मोहम्मद फरमान (19) निवासी गोंडा, उत्तर प्रदेश तथा वर्तमान निवासी कन्हैई, गुरुग्राम के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने सेक्टर-56 थाना क्षेत्र में इसी तरीके से स्कूटी लूट की एक अन्य वारदात को अंजाम देने की भी बात कबूल की। दोनों आरोपी फूल बेचने का काम करते हैं और लूट की नीयत से रैपिडो पर राइड बुक करते थे। राइडर के पहुंचते ही वे चाकू के बल पर स्कूटी लूटकर फरार हो जाते थे।