Edited By Isha, Updated: 05 Aug, 2026 10:04 AM

शाहाबाद क्षेत्र में मारकंडा नदी के पास रेलवे पुल पर ट्रेन की चपेट में आकर जान गंवाने वाले युवक और युवती की पहचान हो गई है। मृतकों की पहचान अंबाला जिले के बराड़ा क्षेत्र के अधोया गांव निवासी 27 वर्षीय
कुरुक्षेत्र, (कपिल शर्मा): शाहाबाद क्षेत्र में मारकंडा नदी के पास रेलवे पुल पर ट्रेन की चपेट में आकर जान गंवाने वाले युवक और युवती की पहचान हो गई है। मृतकों की पहचान अंबाला जिले के बराड़ा क्षेत्र के अधोया गांव निवासी 27 वर्षीय अंकित और 23 वर्षीय युवती के रूप में हुई है। युवक शादीशुदा था और उसकी एक बेटी भी है।
जीआरपी के अनुसार घटना रविवार को हुई थी, लेकिन दोनों शव बुरी तरह क्षत-विक्षत होने के कारण पहचान करने में करीब तीन दिन लग गए। पुलिस ने कुरुक्षेत्र सहित आसपास के जिलों से गुमशुदगी की रिपोर्ट मंगवाई और कपड़ों व अन्य सुरागों के आधार पर दोनों की पहचान सुनिश्चित की।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना से कुछ देर पहले दोनों को मारकंडा नदी के किनारे आपस में बहस करते देखा गया था। इसके बाद वे रेलवे पुल की ओर पहुंचे, जहां नागपुर-अमृतसर एक्सप्रेस की चपेट में आने से दोनों की मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों के शव कई हिस्सों में बंटकर पुल से नीचे नदी में जा गिरे।
पुलिस के अनुसार घटनास्थल की परिस्थितियों और शुरुआती जांच के आधार पर आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। वहीं मामले की जांच प्रेम प्रसंग के एंगल से भी की जा रही है। जीआरपी परिजनों और परिचितों से पूछताछ कर रही है ताकि घटना से पहले की परिस्थितियों और दोनों के संबंधों की पूरी जानकारी जुटाई जा सके। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।