Edited By Isha, Updated: 05 Aug, 2026 08:10 AM

धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में बढ़ती श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या को देखते हुए जिला पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया है। पुलिस अधीक्षक चंद्र मोहन के दिशा-निर्देशों पर टूरिस्ट पुलिस की टीमें प्रमुख धार्मिक
कुरुक्षेत्र, (कपिल शर्मा): धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में बढ़ती श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या को देखते हुए जिला पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया है। पुलिस अधीक्षक चंद्र मोहन के दिशा-निर्देशों पर टूरिस्ट पुलिस की टीमें प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर लगातार सक्रिय हैं। ब्रह्मसरोवर पर तैनात टूरिस्ट पुलिस श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुरक्षा के साथ-साथ हरसंभव सहायता उपलब्ध करवा रही है।
टूरिस्ट पुलिस द्वारा बाहरी राज्यों से आने वाले पर्यटकों को धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों की जानकारी देने के साथ मार्गदर्शन, यातायात संबंधी जानकारी और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। इसके अलावा किसी पर्यटक का सामान खो जाने, परिजनों से बिछड़ने या किसी आपात स्थिति में पुलिस कर्मचारी तत्काल सहायता पहुंचाने के लिए तत्पर रहते हैं।
पुलिस टीमों द्वारा प्रमुख पर्यटन स्थलों पर लगातार निगरानी भी रखी जा रही है, ताकि असामाजिक तत्वों पर नजर रखी जा सके और कानून एवं शांति व्यवस्था बनी रहे। टूरिस्ट पुलिस श्रद्धालुओं और पर्यटकों के साथ विनम्र व्यवहार करते हुए उन्हें सुरक्षित वातावरण उपलब्ध करवाने का प्रयास कर रही है।
पुलिस अधीक्षक चंद्र मोहन ने कहा कि कुरुक्षेत्र अपनी धार्मिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान के कारण देश-विदेश में प्रसिद्ध है। यहां आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु और पर्यटक को सुरक्षित एवं सकारात्मक वातावरण उपलब्ध करवाना जिला पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि टूरिस्ट पुलिस की सक्रियता से पर्यटकों में सुरक्षा की भावना मजबूत होगी।
कुरुक्षेत्र पुलिस ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों से अपील की है कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की सहायता की आवश्यकता होने पर वे तुरंत टूरिस्ट पुलिस या नजदीकी पुलिस कर्मचारी से संपर्क करें। जिला पुलिस ने कहा कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सेवा, सुरक्षा और सहायता के लिए पुलिस सदैव तत्पर है।