Edited By Pawan Kumar Sethi, Updated: 08 Oct, 2026 10:15 PM

सेक्टर-12 स्थित आचार्यपुरी इलाके में पति से हुए घरेलू विवाद के बाद एक 25 वर्षीय महिला ने तीन मंजिला इमारत की छत से कूदकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। ऊंचाई से गिरने के कारण महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे परिजनों द्वारा गंभीर हालत में अस्पताल...
गुड़गांव, (ब्यूरो): सेक्टर-12 स्थित आचार्यपुरी इलाके में पति से हुए घरेलू विवाद के बाद एक 25 वर्षीय महिला ने तीन मंजिला इमारत की छत से कूदकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। ऊंचाई से गिरने के कारण महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे परिजनों द्वारा गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया। पीड़िता का उपचार जारी है, वहीं पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक घायल महिला की पहचान 25 वर्षीय पायल के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले की रहने वाली है। पायल अपने पति आकाश के साथ आचार्यपुरी सेक्टर-12 में एक मकान की तीसरी मंजिल पर किराए का कमरा लेकर रह रही थी। बताया जा रहा है कि दोनों ने महज पांच महीने पहले ही प्रेम विवाह किया था। पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि बुधवार देर रात किसी बात को लेकर आकाश और पायल के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आवेश में आकर पायल ने तीसरी मंजिल से नीचे छलांग लगा दी। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए और खून से लथपथ पड़ी महिला को तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया।
हादसे की सूचना मिलते ही महिला के मायके पक्ष के लोग भी गुरुग्राम पहुंच गए। प्राथमिक उपचार के बाद पीड़िता की गंभीर स्थिति को देखते हुए परिजन उसे बेहतर इलाज के लिए मेरठ रेफर कराकर अपने साथ ले गए, जहां उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस ने अस्पताल और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों व पीड़िता के बयान दर्ज करने के बाद नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल विवाद के कारणों और घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।