Edited By Krishan Rana, Updated: 08 Oct, 2026 07:41 PM

हरियाणा पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक कार से 1 करोड़ 56 लाख 49 हजार 500 रुपए की नकदी
हांसी (संदीप सैनी) : हांसी पुलिस ने जींद रोड पर नाकाबंदी के दौरान एक कार से 1 करोड़ 56 लाख 49 हजार 500 रुपए की नकदी बरामद की है। कार में सवार तीन व्यक्ति इतनी बड़ी रकम के संबंध में पुलिस को संतोषजनक जवाब नहीं दे सके और न ही नकदी से संबंधित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत कर पाए।
पुलिस ने नकदी के स्रोत और उसके लेन-देन की जांच के लिए आयकर अन्वेषण निदेशालय, रोहतक को पत्र भेजा है। पुलिस के अनुसार 7-8 अक्टूबर की मध्यरात्रि जींद रोड पर विशेष नाकाबंदी की जा रही थी। इसी दौरान जींद बाइपास की तरफ से सफेद रंग की एक कार आती दिखाई दी।
नाके पर तैनात पुलिस टीम ने कार को रुकवाकर तलाशी ली। इंस्पेक्टर सुनीता के नेतृत्व में हुई तलाशी के दौरान कार में रखे दो बैगों से कुल 1 कोड़ 56 लाख 49 हजार 500 रुपए बरामद हुए। नाकाबंदी की निगरानी डीएसपी दिनेश कुमार कर रहे थे।
कार में सवार तीन व्यक्तियों की पहचान मोहित निवासी सिरसा, साहब सिंह निवासी फतेहाबाद और सुरेंद्र निवासी सिरसा के रूप में हुई। पुलिस चौकी अनाज मंडी के प्रभारी उपनिरीक्षक अनिल कुमार ने आगामी कार्रवाई की।
पुलिस ने तीनों से बरामद नकदी के संबंध में पूछताछ की, लेकिन वे इसके स्रोत के बारे में संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इसके अलावा नकदी से संबंधित आवश्यक दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं कर पाए।
इसके बाद पुलिस ने नकदी के स्रोत, स्वामित्व और उसके संबंध में आयकर जांच के लिए आयकर अन्वेषण निदेशालय, रोहतक को पत्र भेजा है। अब आयकर विभाग की जांच में ही यह स्पष्ट होगा कि इतनी बड़ी रकम कहां से आई और इसे कहां ले जाया जा रहा था।
पुलिस ने बरामद नकदी और कार को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 106 के तहत नियमानुसार थाना शहर हांसी के मालखाने में जमा कराया है। बरामद रकम को जिला ट्रेजरी, हांसी में जमा कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। मामले में पुलिस की आगामी कार्रवाई जारी है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)