Edited By Pawan Kumar Sethi, Updated: 03 Oct, 2026 09:32 PM

खोह गांव में शुक्रवार शाम को दूसरी मंजिल की छत पर खेलते समय पांच वर्षीय मासूम अनियंत्रित होकर नीचे गली में गिर गया। गंभीर हालत में परिजन बच्चे को तुरंत अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक बच्चा अपने माता-पिता का इकलौता बेटा...
गुड़गांव, (ब्यूरो): खोह गांव में शुक्रवार शाम को दूसरी मंजिल की छत पर खेलते समय पांच वर्षीय मासूम अनियंत्रित होकर नीचे गली में गिर गया। गंभीर हालत में परिजन बच्चे को तुरंत अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक बच्चा अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। इस हादसे के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान पांच वर्षीय आरव यादव के रूप में हुई है। बच्चे के पिता राहुल यादव मूल रूप से उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले स्थित मुरैठी गांव के रहने वाले हैं। वह पिछले तीन वर्षों से खोह गांव में एक किराए के मकान में ग्राउंड फ्लोर पर अपने परिवार के साथ रह रहे थे। राहुल आईएमटी मानेसर की एक निजी कंपनी में ठेकेदार के अधीन बतौर श्रमिक कार्यरत हैं।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम करीब छह बजे आरव अपने माता-पिता के साथ दूसरी मंजिल की छत पर खेलने गया हुआ था। माता-पिता भी वहीं छत पर मौजूद थे। छत की सुरक्षा दीवार बेहद छोटी थी, जिसकी ऊंचाई महज एक फीट के करीब थी। खेलते-खेलते मासूम अचानक छत के किनारे की तरफ चला गया और संतुलन बिगड़ने के कारण अनियंत्रित होकर पीछे पक्की गली में जा गिरा। लगभग 35 फीट की ऊंचाई से सिर के बल पक्की सड़क पर गिरने के कारण आरव को गंभीर चोटें आईं। हादसे के तुरंत बाद परिजन लहुलूहान हालत में आरव को लेकर निजी अस्पताल पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस भी मामले की जांच और कागजी कार्रवाई में जुट गई है। शनिवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया।