Edited By Krishan Rana, Updated: 05 Oct, 2026 08:22 PM
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा एवं राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा
चंडीगढ़ (चन्द्र शेखर धरणी): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा एवं राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत 7 अक्टूबर को गुरुग्राम में विकसित भारत संकल्प सभा का भव्य आयोजन किया जाएगा।
सेक्टर-29 स्थित महाराणा प्रताप स्वर्ण जयंती पार्क (लेजर वैली) में आयोजित होने वाली इस सभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित जनसमूह को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होकर कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों का मार्गदर्शन करेंगे।
कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री एवं हरियाणा प्रभारी स्मृति ईरानी, भाजपा के राष्ट्रीय सचिव एवं हरियाणा सह-प्रभारी डॉ. भोला सिंह, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर सोमवार को भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता एवं राष्ट्रीय सचिव तथा हरियाणा सह-प्रभारी डॉ. भोला सिंह ने भाजपा कार्यालय गुरुकमल में संगठनात्मक बैठक कर व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह, प्रदेश महामंत्री (संगठन) पवन राणा, केंद्रीय संसदीय बोर्ड सदस्य डॉ. सुधा यादव सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ कार्यक्रम की तैयारियों और व्यवस्थाओं को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के संकल्प को जनभागीदारी के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से विकसित भारत संकल्प सभा का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुबह 10 बजे वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम से जुड़कर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करेंगे, वहीं केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह हरियाणा की पावन धरा से कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों को संबोधित करेंगे।
डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि विकसित भारत-2047 केवल सरकार का लक्ष्य नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों के सामूहिक संकल्प और जनभागीदारी का लक्ष्य है। भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के लिए सरकार के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। सेवा, स्वच्छता, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक सरोकार और राष्ट्र निर्माण से जुड़े कार्यों में प्रत्येक नागरिक अपना योगदान देकर विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत संकल्प सभा के माध्यम से कार्यकर्ताओं और नागरिकों को राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मार्गदर्शन इस संकल्प को नई ऊर्जा और नई दिशा प्रदान करेगा।
प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि कार्यक्रम को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं नागरिक केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह का मार्गदर्शन सुनने के लिए गुरुग्राम पहुंचेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे इस आयोजन को केवल एक कार्यक्रम के रूप में न देखते हुए इसे विकसित भारत-2047 के राष्ट्रीय संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का व्यापक अभियान बनाएं।
डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि हरियाणा प्रभारी के रूप में जिम्मेदारी मिलने के बाद स्मृति ईरानी का यह पहला हरियाणा दौरा भी होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के जनसेवा एवं राष्ट्रसेवा के सफर को स्मरण करते हुए यह आयोजन सेवा, सुशासन, जनभागीदारी और विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करने का अवसर है।
बैठक में प्रदेश महामंत्री सत्यप्रकाश जरावता, वेद फुल्ला, विधायक मुकेश शर्मा, विधायक बिमला चौधरी, जिलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी सहित दोनों संगठनात्मक जिलों के पदाधिकारी, जिला प्रभारी एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)