मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे और निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर गुरुग्राम में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन

Edited By Pawan Kumar Sethi, Updated: 28 Sep, 2026 10:07 PM

congress protests and demanding resignation of the chief election commissioner

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तथा मतदाता सूचियों और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े कांग्रेस द्वारा लगाए जा रहे कथित अनियमितताओं के आरोपों की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने विशाल विरोध प्रदर्शन किया।

गुड़गांव, (ब्यूरो): मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तथा मतदाता सूचियों और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े कांग्रेस द्वारा लगाए जा रहे कथित अनियमितताओं के आरोपों की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने विशाल विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का आयोजन शहरी जिलाध्यक्ष पंकज डावर और  ग्रामीण जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम में हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त तथा पूर्व सांसद राज बब्बर विशेष रूप से उपस्थित रहे।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक  https://www.facebook.com/KesariGurugram  पर क्लिक करें।


कांग्रेस कार्यकर्ता कमान सराय स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय से मार्च करते हुए सदर बाज़ार पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में झंडे, तख्तियां और मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला लेकर चुनाव आयोग एवं केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए। कांग्रेस नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे, मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया में पारदर्शिता, कथित अनियमितताओं की स्वतंत्र जांच तथा निर्वाचन आयोग की जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
 

चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर उठ रहे सवालों की स्वतंत्र जांच हो : संजय दत्त
हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त ने कहा कि निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता और विश्वसनीयता लोकतंत्र की बुनियाद है और उस पर उठने वाले गंभीर सवालों का पारदर्शी तरीके से जवाब दिया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावी प्रक्रिया और आयोग के कुछ निर्णयों को लेकर सामने आए सवालों की अनदेखी नहीं की जा सकती। उन्होंने मांग की कि संबंधित आरोपों एवं निर्णयों की स्वतंत्र, निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तथा यदि जांच में किसी प्रकार की आपराधिक जिम्मेदारी सामने आती है तो कानून के अनुसार कार्रवाई की जाए। दत्त ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त के कार्यकाल में लिए गए विवादित निर्णयों और चुनावी प्रक्रियाओं की समीक्षा होनी चाहिए। उनका कहना था कि लोकतंत्र में प्रत्येक मतदाता के मताधिकार की रक्षा और चुनावी संस्थाओं पर जनता का विश्वास सर्वोपरि है।
 

मतदाता सूची से नाम हटने के आरोप बेहद गंभीर : राव नरेंद्र सिंह
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लगातार मतदाता सूचियों और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि मतदाता सूची पुनरीक्षण, फॉर्म-6 तथा SIR प्रक्रिया को लेकर सामने आ रहे आरोप गंभीर हैं और उनकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है। राव नरेंद्र सिंह ने देशभर में बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जाने संबंधी कांग्रेस के दावों का उल्लेख करते हुए कहा कि यदि पात्र मतदाताओं के नाम गलत तरीके से हटाए या जोड़े गए हैं तो यह लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जुड़ा अत्यंत गंभीर विषय है। उन्होंने मांग की कि निर्वाचन आयोग इन मामलों से संबंधित आंकड़े और प्रक्रिया सार्वजनिक कर पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित करे।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता केवल तकनीकी विषय नहीं, बल्कि नागरिक के लोकतांत्रिक अधिकार से जुड़ा प्रश्न है।
 

चुनावी प्रक्रिया पर उठे हर सवाल का जवाब देश को मिलना चाहिए : राज बब्बर
पूर्व सांसद राज बब्बर ने कहा कि कांग्रेस लंबे समय से निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता और मतदाता सूचियों में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठा रही है। उन्होंने भाजपा और निर्वाचन आयोग की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि चुनावी व्यवस्था पर जनता का विश्वास बनाए रखने के लिए प्रत्येक गंभीर आरोप की पारदर्शी जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल की जीत या हार का फैसला केवल जनता के स्वतंत्र और निष्पक्ष मत से होना चाहिए। चुनावी प्रक्रिया पर संदेह पैदा करने वाले प्रत्येक सवाल का तथ्यात्मक और सार्वजनिक जवाब दिया जाना लोकतांत्रिक व्यवस्था के हित में है।
 

लोकतंत्र में जनता के वोट से बड़ा कोई अधिकार नहीं : पंकज डावर
शहरी जिलाध्यक्ष पंकज डावर ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए चुनावी प्रक्रिया का पारदर्शी और निष्पक्ष होना आवश्यक है। मतदाता सूची या चुनाव प्रक्रिया को लेकर उठने वाले प्रत्येक गंभीर सवाल का चुनाव आयोग को तथ्यों के साथ जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के मताधिकार की रक्षा और चुनावी व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज मजबूती से उठाती रहेगी।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!