गुरुग्राम में 30 अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिरों से मजबूत होगी शहरी स्वास्थ्य व्यवस्था

Edited By Pawan Kumar Sethi, Updated: 08 Oct, 2026 07:13 PM

haryana govt will stablished 30 new urban aayushman mandir for better health

शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने की दिशा में प्रदेश सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। गुरुग्राम में 30 अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर (UAAM) स्थापित करने, संचालित करने और प्रबंधित करने के लिए हरियाणा मेडिकल सर्विसेज कॉरपोरेशन लिमिटेड...

गुड़गांव, (ब्यूरो): शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने की दिशा में प्रदेश सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। गुरुग्राम में 30 अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर (UAAM) स्थापित करने, संचालित करने और प्रबंधित करने के लिए हरियाणा मेडिकल सर्विसेज कॉरपोरेशन लिमिटेड (HMSCL) ने मैसर्स एएसआर हॉस्पिटल्स (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड को 26 करोड़ 20 लाख 80 हजार रुपये का कार्य आदेश जारी किया है। यह कार्य आदेश 5 अक्टूबर 2026 को जारी किया गया है और इसकी अवधि समझौते की तारीख से दो वर्ष रहेगी।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक  https://www.facebook.com/KesariGurugram  पर क्लिक करें।

 

स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि सरकार का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को केवल बड़े अस्पतालों तक सीमित रखना नहीं, बल्कि हर जरूरतमंद व्यक्ति तक उसके घर के नजदीक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधा पहुंचाना है। अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर इसी सोच को जमीन पर उतारने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ और विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए स्वास्थ्य क्षेत्र में लगातार नए कदम उठा रही है। इन केंद्रों के माध्यम से शहरी गरीब, झुग्गी बस्तियों, कम आय वाले परिवारों और वंचित वर्गों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उनके नजदीक ही उपलब्ध होंगी।

 

30 स्थानों पर खुलेंगे UAAM

गुरुग्राम जिले में कुल 30 स्थानों को अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर के लिए चिन्हित किया गया है। इनमें हीरा नगर, नरसिंहपुर ढाणी, हरि नगर, शक्ति नगर, भीमगढ़ खेड़ी, शिवाजी नगर, अर्जुन नगर, चंदन नगर, समालपुर, सेक्टर-56 घाटा गांव, सेक्टर-55, डीएलएफ फेज-1, सेक्टर-27, गंगा विहार, टिकरी ढाणी, मनोहर नगर, सूर्य विहार, धर्म कॉलोनी, ग्वाल पहाड़ी, प्रेम नगर, सरहौल, राम विहार, तिगरा गांव, सेक्टर-54, सराय गांव और कन्हई सहित अन्य क्षेत्र शामिल हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि इन केंद्रों का चयन इस प्रकार किया गया है कि बड़ी संख्या में लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दूर स्थित अस्पतालों पर निर्भर न रहना पड़े।

 

12 प्रकार की व्यापक स्वास्थ्य सेवाएं

अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में व्यापक प्राथमिक स्वास्थ्य देखभाल के तहत 12 प्रमुख सेवाएं उपलब्ध होंगी। इनमें गर्भावस्था एवं प्रसव पूर्व देखभाल, नवजात एवं शिशु स्वास्थ्य, बाल एवं किशोर स्वास्थ्य, परिवार नियोजन, संक्रामक रोगों का प्रबंधन, सामान्य बीमारियों की ओपीडी, गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग एवं उपचार, आंख व ईएनटी संबंधी सेवाएं, मौखिक स्वास्थ्य, बुजुर्ग एवं पेलिएटिव केयर, आपातकालीन सेवाएं तथा मानसिक स्वास्थ्य की प्राथमिक जांच एवं प्रबंधन शामिल हैं। इसके साथ ही योग एवं आयुष सेवाओं को भी स्वास्थ्य व्यवस्था से जोड़ा जाएगा। जरूरतमंद मरीजों को टेली-कंसल्टेशन के माध्यम से विशेषज्ञ चिकित्सकों से ऑनलाइन सलाह उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी होगी।

 

मुफ्त दवाएं और जरूरी जांचें

इन केंद्रों पर आवश्यक दवाओं की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। अनिवार्य डायग्नोस्टिक टेस्ट भी केंद्र स्तर पर उपलब्ध होंगे। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्राथमिक स्तर पर ही बीमारी की पहचान और उपचार होने से मरीजों को समय पर इलाज मिलेगा और बड़े अस्पतालों पर अनावश्यक दबाव भी कम होगा। प्रत्येक UAAM में मेडिकल ऑफिसर, स्टाफ नर्स, पुरुष मल्टीपर्पज हेल्थ वर्कर और सफाई कर्मचारी सहित आवश्यक स्टाफ की तैनाती की जाएगी। केंद्रों में कंप्यूटरीकृत पंजीकरण, दवा वितरण, सीसीटीवी, टेली-कंसल्टेशन, ऑक्सीजन सुविधा, डे-केयर बेड और अन्य आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

 

हर केंद्र पर गुणवत्ता और जवाबदेही पर जोर

कार्य आदेश में सेवाओं की गुणवत्ता और कर्मचारियों की उपलब्धता को लेकर भी कड़े प्रावधान किए गए हैं। स्टाफ की कमी, अनिवार्य जांच या दवा की अनुपलब्धता, 12 सीपीएचसी सेवाओं में कमी, योग सत्र नहीं होने तथा सरकारी मानकों के अनुसार ब्रांडिंग नहीं होने पर जुर्माने का प्रावधान किया गया है।स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता केवल स्वास्थ्य केंद्र खोलना नहीं, बल्कि उन्हें नियमित रूप से सक्रिय, जवाबदेह और गुणवत्तापूर्ण तरीके से संचालित करना है। उन्होंने कहा कि हर केंद्र पर मरीजों को सम्मानजनक व्यवहार, समय पर सेवा और आवश्यक उपचार मिले, इसके लिए निगरानी की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

 

1.28 करोड़ रुपए से अधिक का मासिक संचालन

कार्य आदेश के अनुसार 30 UAAM के संचालन के लिए प्रति केंद्र प्रति माह 3.64 लाख रुपए की परिचालन एवं रखरखाव लागत निर्धारित की गई है। 18 प्रतिशत जीएसटी सहित यह राशि 4.2952 लाख प्रति रुपए केंद्र प्रति माह होगी। सभी 30 केंद्रों के लिए मासिक लागत 1.28856 करोड़ रुपए निर्धारित की गई है। इसमें भवन किराया, रखरखाव, स्टाफ, उपकरण, उपभोग्य सामग्री, दवाएं तथा केंद्रों के संचालन से संबंधित अन्य खर्च शामिल हैं। आरती सिंह राव ने कहा कि हरियाणा सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को जनसेवा का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम मानती है। उन्होंने कहा कि “स्वस्थ नागरिक ही मजबूत हरियाणा की नींव हैं और हमारा संकल्प है कि प्रदेश के हर व्यक्ति को समय पर, गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सुविधा मिले।”

 

लोकसभा चुनाव में किया वादा अब धरातल पर, घर के नजदीक मिलेंगी बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं

लोकसभा चुनाव के दौरान केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने क्षेत्र की जनता के सामने बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाओं को प्राथमिकता देने का संकल्प रखा था। अब गुरुग्राम में 30 अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर (UAAM) स्थापित करने के लिए 26.20 करोड़ रुपए का कार्य आदेश जारी होने के साथ इस दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। 2024 के चुनाव के दौरान राव इंद्रजीत सिंह ने अपने अगले कार्यकाल के एजेंडे में स्वास्थ्य सुविधाओं को प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल किया था।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!