Edited By Isha, Updated: 06 Oct, 2026 09:48 AM

हरियाणा कांग्रेस में अंदरूनी गुटबाज़ी और खींचतान एक बार फिर सतह पर आ गई है। सिरसा से विधायक गोकुल सेतिया ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करते हुए पार्टी के बड़े नेताओं और स्थानीय सांसद पर सीधे निशाने साधे हैं।
सिरसा: हरियाणा कांग्रेस में अंदरूनी गुटबाज़ी और खींचतान एक बार फिर सतह पर आ गई है। सिरसा से विधायक गोकुल सेतिया ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करते हुए पार्टी के बड़े नेताओं और स्थानीय सांसद पर सीधे निशाने साधे हैं। उन्होंने नियुक्तियों में अनदेखी किए जाने और पार्टी विरोधी गतिविधियों पर शीर्ष नेतृत्व की चुप्पी पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
गोकुल सेतिया ने अपनी पोस्ट में लिखा कि सिरसा में पार्टी के प्रभारी और प्रदेश प्रधान ने संगठन की नियुक्तियों के दौरान स्थानीय विधायक (खुद सेतिया) से सलाह करना भी ज़रूरी नहीं समझा। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर उन्हें उचाना का प्रभारी बनाया जाता, तो क्या वे वहाँ के दावेदारों से बात नहीं करते?

स्थानीय सांसद पर हमला बोलते हुए सेतिया ने कहा कि उचाना की यात्रा के कुछ ही दिनों बाद वहाँ के नेताओं को सिरसा का प्रभारी बना दिया गया। उन्होंने कहा, "क्या सांसद मैडम की अनुमति के बिना यह संभव है? इसमें कोई शक नहीं कि यह नियुक्ति सांसद जी की सहमति से ही हुई है, क्योंकि वे सीनियर नेता हैं।" उन्होंने सीधा सवाल दागा कि "सांसद जी को आखिर मेरे से क्या दिक्कत है, वे खुलकर बताएं।"
विधायक सेतिया ने आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव के दौरान सांसद ने अपने साथियों को मेरे समर्थन में लाने का प्रयास तक नहीं किया। नगर परिषद चुनाव में उनके सभी साथी कांग्रेस के आधिकारिक प्रत्याशी के खिलाफ खड़े थे और सांसद जी आँखें मूँद कर बैठी रहीं। अब पार्टी में हमारे विरोधियों को ही सिरसा में नियुक्तियाँ दी जा रही हैं। सेतिया ने सख्त लहजे में चेतावनी दी, "मैं चुप था इसका यह मतलब नहीं कि मैंने आँखें बंद कर रखी थीं।"