Edited By Pawan Kumar Sethi, Updated: 29 Sep, 2026 09:23 PM

सेक्टर-23 क्षेत्र में मंगलवार सुबह कार चलाते समय अचानक तबीयत बिगड़ने से बेहोशी की हालत में पहुंची 35 वर्षीय महिला की जान गुरुग्राम पुलिस की ईआरवी-265 टीम की तत्परता से बच गई। महिला के पति ने, जो खुद लीवर की बीमारी के चलते मेदांता अस्पताल में भर्ती...
गुड़गांव, (ब्यूरो): सेक्टर-23 क्षेत्र में मंगलवार सुबह कार चलाते समय अचानक तबीयत बिगड़ने से बेहोशी की हालत में पहुंची 35 वर्षीय महिला की जान गुरुग्राम पुलिस की ईआरवी-265 टीम की तत्परता से बच गई। महिला के पति ने, जो खुद लीवर की बीमारी के चलते मेदांता अस्पताल में भर्ती हैं, वहीं से पुलिस कंट्रोल रूम में 112 पर कॉल कर मदद मांगी थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और महिला को तत्काल मनीपाल अस्पताल पहुंचाया।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस के अनुसार, घटना सुबह करीब 5:45 बजे की है। महिला कार से जा रही थीं, इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें बेहोशी महसूस होने लगी। उन्होंने अपने पति को फोन कर इसकी जानकारी दी। पति ने मेदांता अस्पताल से ही पुलिस को सूचना दी। ईआरवी-265 टीम ने बिना समय गंवाए मौके पर पहुंचकर महिला को अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकीय जांच के दौरान पता चला कि महिला के गर्भाशय में समस्या के कारण आंतरिक रक्तस्राव हो रहा था। डॉक्टरों के अनुसार समय पर उपचार नहीं मिलता तो स्थिति गंभीर हो सकती थी।
घटना के बाद ईआरवी टीम ने दोबारा अस्पताल पहुंचकर महिला का हाल जाना। टीम में ईएएसआई दिनेश, ईएएसआई कृष्ण, सिपाही रवि कुमार और एसपीओ करतार सिंह शामिल थे। महिला के परिजनों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए आभार जताया। पुलिस आयुक्त, गुरुग्राम ने टीम की इस त्वरित और मानवीय कार्यवाही को देखते हुए ईआरवी-265 की पूरी टीम को विशेष रिवॉर्ड देने की घोषणा की है।