Edited By Harman, Updated: 16 Oct, 2026 08:25 PM

हांसी में 18 वर्षीय रेसलर ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। वह भिवानी के महावीर स्टेडियम में कुश्ती की तैयारी कर रहा था और वहीं कोचिंग ले रहा था। 2 दिन पहले घर से करीब 48 हजार रुपए लेकर भिवानी गया था।
हांसी (संदीप सैनी) : हांसी में 18 वर्षीय रेसलर ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। वह भिवानी के महावीर स्टेडियम में कुश्ती की तैयारी कर रहा था और वहीं कोचिंग ले रहा था। 2 दिन पहले घर से करीब 48 हजार रुपए लेकर भिवानी गया था। बुधवार शाम को वह गांव लौटा और रात को पशुओं के बाड़े में सोने चला गया। वीरवार सुबह उसके चाचा ने उसे फंदे पर लटका देखा। मौके से सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। इसमें भिवानी के 3 लोगों के नाम लिखे बताए जा रहे हैं। पैसों के लेनदेन को लेकर आशंका है, लेकिन आत्महत्या की असल वजह जांच के बाद ही साफ होगी।
रेसलर की पहचान गांव बास खुर्द निवासी धीरेंद्र के रूप में हुई। वो बुधवार शाम घर आया था। रात को खाना खाने के बाद पशुओं के बाड़े में सोने चला गया। वीरवार सुबह करीब 5 बजे उसके चाचा ने उसे फंदे पर लटका देखा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम भी बुलाई गई।
मृतक के परिजन के मुताबिक, धीरेंद्र के सुसाइड नोट में भिवानी के प्रेमनगर निवासी दो सगे भाइयों और प्रेमनगर बिजली घर में काम करने वाले एक व्यक्ति का नाम शामिल है। हालांकि, परिजनों को इन लोगों के बारे में जानकारी नहीं है। उन्हें यह भी पता नहीं है कि इनका धीरेंद्र से क्या संबंध था।
धीरेंद्र 2 दिन पहले घर से करीब 48 हजार रुपए लेकर भिवानी गया था। वह महावीर स्टेडियम में कुश्ती की तैयारी करता था और वहां किराए के कमरे में रहता था। रुपए किस काम के लिए लिए गए थे, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पैसों के लेनदेन को आत्महत्या की संभावित वजह माना जा रहा है, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
परिजनों के मुताबिक, धीरेंद्र पिछले 7-8 साल से कुश्ती की तैयारी कर रहा था। पिता की मौत से पहले वह जूनियर नेशनल स्तर पर पदक भी जीत चुका था। इसके बाद उसका चयन भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के हॉस्टल के लिए हुआ था। हालांकि, पिता की मौत के बाद उसकी तैयारी प्रभावित हुई और वह ट्रायल में बाहर हो गया। इसके बाद वह भिवानी में कमरा लेकर कुश्ती की तैयारी कर रहा था।
धीरेंद्र के परिवार में उसकी मां और बड़ा भाई हैं। उसका भाई ड्राइवरी करता है। धीरेंद्र कुश्ती में आगे बढ़ने के लिए भिवानी में तैयारी कर रहा था। पुलिस सुसाइड नोट और फोरेंसिक टीम के जुटाए साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। आत्महत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही होगा। बास थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर जय सिंह ने फोन पर बताया सुसाइड के कारण का अभी पता नहीं चला है। जांच के बाद कारणों का जल्द खुलासा करेंगे।