नरवाना में महा-ब्लैकआउट: 132 KV सब स्टेशन में ब्लास्ट के बाद भीषण आग, पूरा शहर अंधेरे में डूबा...पानी का संकट भी गहराया

Edited By Isha, Updated: 15 Oct, 2026 12:35 PM

huge fire breaks out following an explosion at a 132 kv substation

नरवाना में पुराने 132 KV सब स्टेशन पर रात लगी भीषण आग ने बिजली व्यवस्था को हिलाकर रख दिया। HVPNL के 10/16 MVA क्षमता वाले T-2 पावर ट्रांसफार्मर में आंतरिक खराबी के कारण आग लगी और ट्रांसफार्मर पूरी तरह जल गया। आग से अन्य म

नरवाना (गुलशन चावला ): नरवाना में पुराने 132 KV सब स्टेशन पर रात लगी भीषण आग ने बिजली व्यवस्था को हिलाकर रख दिया। HVPNL के 10/16 MVA क्षमता वाले T-2 पावर ट्रांसफार्मर में आंतरिक खराबी के कारण आग लगी और ट्रांसफार्मर पूरी तरह जल गया। आग से अन्य महत्वपूर्ण उपकरण भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। नुकसान का अंतिम आकलन होना अभी बाकी है, लेकिन बड़े आर्थिक नुकसान की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

 इस अग्निकांड का असर पूरे नरवाना शहर और आसपास के गांवों पर पड़ा है। 12 शहरी फीडरों और 3 ग्रामीण फीडरों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है। इनमें अस्पताल फीडर और जलापूर्ति से जुड़ा हॉटलाइन फीडर भी शामिल हैं। यानी बिजली संकट के साथ पानी की आपूर्ति पर भी असर पड़ने की आशंका है। आग की चपेट में आने से T-1 और T-3 बे के कंडक्टर, NCT यानी न्यूट्रल करंट ट्रांसफार्मर तथा कंट्रोल केबल भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। इसके अलावा 132/33 KV पावर ट्रांसफार्मर प्रभावित हुआ है। बेलारखा और गुरुसर के दो 33 KV फीडरों की आपूर्ति भी बाधित हो गई है।

आग बुझाने के लिए दमकल विभाग, HVPNL और DHBVN के कर्मचारी लगातार प्रयास कर रहे हैं। आग पूरी तरह बुझने के बाद ही नुकसान की वास्तविक तस्वीर सामने आएगी। ट्रांसफार्मर और अन्य उपकरणों को हुए नुकसान के चलते करोड़ों रुपये की क्षति की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

बिजली निगम के अनुसार, आसपास के वैकल्पिक स्रोतों से आपूर्ति बहाल करने की कोशिश की जा रही है। विभाग ने कल शाम तक बिजली बहाल होने की उम्मीद जताई है। यदि वैकल्पिक व्यवस्था समय पर सफल नहीं होती, तो लोगों को लंबी बिजली कटौती और पेयजल आपूर्ति में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। शहरवासियों की निगाहें अब बिजली निगम पर टिकी हैं। सवाल यह है कि बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं कब तक बहाल होंगी? फिलहाल लोगों से अपील है कि धैर्य बनाए रखें और बिजली निगम की आधिकारिक सूचना पर नजर रखें।

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!