यमुनानगर में टायर फैक्ट्री में तेज धमाके के बाद भीषण आग, 2 लोग झुलसे; मची अफरा-तफरी

Edited By Harman, Updated: 16 Oct, 2026 03:03 PM

massive fire follows a powerful explosion at a tire factory in yamunanagar

यमुनानगर के छछरौली थाना क्षेत्र के गांव बलाचौर में एक टायर फैक्ट्री में तेज धमाके के बाद भीषण आग लग गई।

यमुनानगर (सुरेंद्र मेहता) : यमुनानगर के छछरौली थाना क्षेत्र के गांव बलाचौर में एक टायर फैक्ट्री में तेज धमाके के बाद भीषण आग लग गई। धमाके की आवाज करीब तीन किलोमीटर दूर तक सुनाई दी, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे के समय फैक्ट्री में करीब 25 मजदूर मौजूद थे। इनमें कुछ फैक्ट्री परिसर में बने क्वार्टरों में थे, जबकि कुछ अंदर काम कर रहे थे। 

हादसे में दो लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। आग की भयावहता को देखते हुए दमकल विभाग की 7 से 8 गाड़ियों को मौके पर बुलाया गया। दमकल कर्मी तीन घंटे से आग पर काबू पाने का प्रयास कर रहे हैं। आग लगने से फैक्ट्री में खड़ा एक ट्रक पूरी तरह जलकर राख हो गया। इसके अलावा वहां रखे बड़ी संख्या में टायर भी जल गए। आग से लाखों रुपये का नुकसान होने की आशंका है। हालांकि, नुकसान का वास्तविक आकलन अभी नहीं हो पाया है।

फैक्ट्री में मौजूद मजदूर हरबंस और लेखराज ने बताया कि वे बलाचौर स्थित एमएस यश ट्रेडिंग कंपनी में काम करते हैं। वे सुबह कमरे पर मौजूद थे, जोकि फैक्ट्री परिसर में ही है। करीब 11 बजे परिसर के अंदर तेज धमाका हुआ, जिससे पूरा कमरा हिल गया। वह तुरंत बाहर भागे तो देखा कि फैक्ट्री में से आग की लपटें उठ रही थीं।

मजदूरों का कहना है कि यह हादसा फैक्ट्री में बैलून फटने से हुआ है। हालांकि धमाके और आग लगने के वास्तविक कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इस हादसे में जिला लखीमपुर यूपी निवासी महेश और एक ट्रक ड्राइवर झुलस गया। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। हादसे में एक ट्रक पर हजारों टायर जल गए हैं। 

हादसे की सूचना मिलने पर छछरौली थाना प्रभारी वेदपाल भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि आग लगने के कारणों का फिलहाल पता लगाया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वहीं, दमकल विभाग की टीमें आग पर काबू पाने में जुटी हुई है। करीब आठ गाड़ियों मौके पर पहुंची हैं।
 

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!