Edited By Harman, Updated: 06 Oct, 2026 12:40 PM

हिसार पुलिस ने कैमरी रोड के पास में हुई गोली चलने की घटना में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
हिसार (विनोद सैनी) : हिसार पुलिस ने कैमरी रोड के पास में हुई गोली चलने की घटना में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक सिद्धान्त जैन ने बताया की दिनांक 04 अक्टूबर की रात्रि को कैमरी रोड स्थित मिलन प्लेस के पीछे हथियारबंद युवकों द्वारा फायरिंग की गई थी। इस घटना में एक व्यक्ति की गोली लगने से मृत्यु हो गई थी, जबकि दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया था जिसका अस्पताल में उपचार चल रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृत व्यक्ति पर भी पूर्व में 09 एवं घायल व्यक्ति पर पूर्व में 07 अभियोग दर्ज पाए गए थे जिनमें लड़ाई झगड़े, आर्म्स एक्ट एवं डकैती जैसी वारदातें शामिल है। उन्होंने बताया की घटना की गंभीरता को देखते हुए हिसार पुलिस द्वारा तीन विशेष पुलिस टीमें गठित की गईं। गठित टीमों ने घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगालने, तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण करने तथा अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया।
पुलिस टीमों द्वारा लगातार दबिश देते हुए मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार किये गये आरोपियों की पहचान सुनील ,अमित व अमित के रूप में हुई है । गिरफ्तार व्यक्तियों पर लड़ाई झगड़े, हत्या, लूट, डकैती जैसी संगीन धाराओं के कुल 15 से अधिक मुकदमे दर्ज है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वारदात के पीछे पुरानी रंजिश से जुड़े विवाद होने की आशंका है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों से गहनता से पूछताछ की जा रही है तथा वारदात में प्रयुक्त हथियारों एवं अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।
पुलिस अधीक्षक हिसार सिद्धान्त जैन, आईपीएस ने कहा कि हिसार में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। गोलीबारी जैसी गंभीर वारदातों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। मामले में शामिल अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी गहनता से जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हिसार पुलिस की टीमें मामले की जांच में जुटी हुई हैं तथा घटना के पूरे घटनाक्रम, वारदात में प्रयुक्त हथियारों और इसके पीछे शामिल अन्य लोगों के संबंध में भी जांच जारी है।