Edited By Krishan Rana, Updated: 04 Oct, 2026 05:03 PM

अक्टूबर का महीना शुरू हो चुका है, लेकिन मानसून की विदाई के बाद से हरियाणा में गुलाबी ठंड की आहट की बजाय दोपहर
चंडीगढ़ : अक्टूबर का महीना शुरू हो चुका है, लेकिन मानसून की विदाई के बाद से हरियाणा में गुलाबी ठंड की आहट की बजाय दोपहर की चुभती गर्मी लोगों का इम्तिहान ले रही है। आसमान साफ रहने और धूप तेज होने के कारण प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में पारा सामान्य से ऊपर बना हुआ है। मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि आने वाले तीन दिनों तक राज्य में मौसम पूरी तरह ड्राई रहेगा। यानी फिलहाल तेज धूप और गर्मी का यह दौर यूं ही जारी रहने वाला है।
वहीं पिछले 24 घंटे में दिन के तापमान में 0.5 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। शनिवार को हिसार में यह 38.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। दादरी में 37.1, पलवल में 37.7, रेवाड़ी में 37.1, फरीदाबाद में 37.6 डिग्री तापमान रहा।
वहीं, रात का औसत तापमान सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस ज्यादा हो गया है। यह अम्बाला में 24.3, नूंह में 25.2, कुरुक्षेत्र में 24 डिग्री दर्ज किया गया। अम्बाला में रात का तापमान सामान्य से 3.5 डिग्री तक ज्यादा है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 6 अक्टूबर से मौसम में बदलाव की संभावना है। 6 से 9 अक्टूबर तक कहीं-कहीं बूंदाबांदी के आसार हैं। 6 अक्टूबर को यमुनानगर व पंचकूला, 7 को अम्बाला, पंचकूला और यमुनानगर में बूंदाबांदी हो सकती है। पहाड़ों में कई जगह आंधी के साथ बारिश की संभावना है। इससे मैदानी इलाकों में गर्मी से राहत मिलेगी।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)