Edited By Krishan Rana, Updated: 23 Mar, 2026 07:31 PM

सोनीपत में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। यहां नेशनल हाईवे-44 पर 7 दोस्तों की कार हादसे का शिकार
सोनीपत (सनी मलिक) : सोनीपत में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। नेशनल हाईवे-44 पर 7 दोस्तों की कार हादसे का शिकार हो गई। इस हादसे में 2 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी दोस्त मुरथल के ढाबे पर खाना खाने के बाद वापस लौट रहे थे। जब वह राजीव गांधी एजुकेशन सिटी के पास पहुंचे तो कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई।
बताया जा रहा है कि कार में सवार सभी 7 दोस्त दिल्ली के रहने वाले थे, जो मुरथल के ढाबे पर खाना खाने के बाद वापस लौट रहे थे। तेज रफ्तार के चलते कार अचानक अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि पांच युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार घायलों की पहचान साहेब, तानिस, उबैद, राहुल और फ़हेद के रूप में हुई है, जिनकी उम्र करीब 25 साल बताई जा रही है। सभी घायलों को पहले सोनीपत के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए दिल्ली के एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही राई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है।
मामले में जानकारी देते हुए पुलिस प्रवक्ता रवींद्र कुमार ने बताया की नेशनल हाईवे 44 पर एक गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें दो युवकों की मौके पर मौत हो गई और पांच युवक घायल हो गए। घायलों का इलाज दिल्ली के निजी अस्पताल में चल रहा है और पुलिस पूरे मामले को लेकर गहनता से जांच कर रही है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)