हंसी-खुशी गांव के लिए निकली थी रेनू, रास्ते में मौत ने छीना साथ...रोता-बिलखता परिवार लौटा खाली हाथ

Edited By Manisha rana, Updated: 23 Mar, 2026 03:38 PM

woman dies in accident in rewari

बावल क्षेत्र में नेशनल हाईवे-48 स्थित नेहचाना कट पर रविवार का दिन एक परिवार के लिए जिंदगी भर का दर्द बन गया। अपने गांव जाने के लिए घर से हंसी-खुशी निकली 51 वर्षीय रेनू देवी को क्या पता था कि रास्ते में मौत उनका इंतजार कर रही है।

रेवाड़ी (महेंद्र भारती) : बावल क्षेत्र में नेशनल हाईवे-48 स्थित नेहचाना कट पर रविवार का दिन एक परिवार के लिए जिंदगी भर का दर्द बन गया। अपने गांव जाने के लिए घर से हंसी-खुशी निकली 51 वर्षीय रेनू देवी को क्या पता था कि रास्ते में मौत उनका इंतजार कर रही है। परिवार के साथ बिहार के सिवान जिले स्थित अपने पैतृक गांव लौटने की तैयारी में निकली रेनू देवी जैसे ही सड़क पार कर रही थीं, तभी तेज रफ्तार से आया एक डंपर काल बनकर उन पर टूट पड़ा। 

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रेनू देवी सड़क पर ही गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ीं। देखते ही देखते खुशियों भरा सफर मातम में बदल गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें संभाला और अस्पताल पहुंचाया, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। बावल से रेवाड़ी रेफर किए जाने के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जिस परिवार के साथ रेनू देवी अपने गांव लौटने निकली थीं, उसी परिवार को अब बिना उनके ही वापस लौटना पड़ा। घर जाने की खुशी पल भर में गहरे दुख में बदल गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हर किसी की आंखों में एक ही सवाल है कि आखिर उनकी क्या गलती थी। हादसे के बाद चालक डंपर मौके से फरार हो गया, जबकि पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। 

पुलिस के अनुसार तेज रफ्तार और लापरवाही इस हादसे की बड़ी वजह मानी जा रही है। गांव लौटते समय जहां रेनू देवी को अपने लोगों से मिलने की आस थी। वहीं अब उनका पार्थिव शरीर ही गांव पहुंचेगा। पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और घर में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि नेहचाना कट पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि कोई और परिवार इस तरह की अपूरणीय क्षति न झेले।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)    

 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!