Edited By Isha, Updated: 23 Jul, 2026 08:30 PM

हरियाणा के पंचकूला (रामगढ़) से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ 21 वर्षीय युवती रूबी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मृतका के परिजनों ने
पंचकूला(उमंग): हरियाणा के पंचकूला (रामगढ़) से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ 21 वर्षीय युवती रूबी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मृतका के परिजनों ने उसके साथ रह रहे युवक पर गंभीर आरोप लगाते हुए हत्या की आशंका जताई है और पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, रूबी करीब एक वर्ष पहले अपने घर से चली गई थी और उसके बाद से वह एक युवक के साथ रह रही थी। परिजनों का कहना है कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि उनके बीच क्या चल रहा था, लेकिन अचानक आए एक फोन ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया।मृतका की बहन ने मीडिया को बताया कि उन्हें आरोपी युवक का फोन आया था, जिसने सूचना दी कि रूबी की तबीयत खराब है और उसे इलाज के लिए सेक्टर-6 स्थित नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जब परिजन आनन-फानन में अस्पताल पहुंचे, तो उन्हें रूबी से मिलने नहीं दिया गया। परिजनों का आरोप है कि युवक ने रूबी की हत्या की है और वह पिछले तीन दिनों से उसे अस्पताल में अकेला छोड़कर फरार था। परिजनों ने पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है कि आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए।मामले की गंभीरता को देखते हुए सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी (Mortuary) में रखवा दिया है।
फिलहाल पुलिस परिजनों के आरोपों, कॉल डिटेल रिकॉर्ड्स (CDR) और अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। अब यह पूरी तरह जांच का विषय है कि परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर ही इस पूरी घटना का सच सामने आ पाएगा।