Edited By Isha, Updated: 04 Nov, 2026 03:15 PM

दिवाली से पहले हरियाणा पुलिस ने पटाखों के अवैध कारोबार और आगजनी की घटनाओं को रोकने के लिए निगरानी बढ़ा दी है। दिवाली से पहले पुलिस को सभी जिलों में पटाखों के गोदामों, दुकानों, भंडारण स्थलों और परिवहन में इस्तेमाल होने
चंडीगढ़: दिवाली से पहले हरियाणा पुलिस ने पटाखों के अवैध कारोबार और आगजनी की घटनाओं को रोकने के लिए निगरानी बढ़ा दी है। दिवाली से पहले पुलिस को सभी जिलों में पटाखों के गोदामों, दुकानों, भंडारण स्थलों और परिवहन में इस्तेमाल होने वाले वाहनों की जांच के निर्देश दिए गए हैं। खास तौर पर घनी आबादी वाले इलाकों में अवैध रूप से पटाखे रखने और बेचने वालों पर नजर रखी जाएगी। अमर उजाला ने 25 अक्तूबर के अंक में अवैध पटाखों और बिक्री के मुद्दे को उठाया था।
पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने सभी पुलिस आयुक्तों और जिला पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिए हैं कि संबंधित थाना प्रभारी और राजपत्रित अधिकारी खुद दुकानों व गोदामों का निरीक्षण करें। इस दौरान लाइसेंस की वैधता के साथ अग्निशमन उपकरणों और अन्य सुरक्षा इंतजामों की जांच की जाएगी।
पटाखों की बिक्री और भंडारण के लिए निर्धारित खुले स्थानों को ही अनुमति देने के निर्देश हैं। घनी आबादी वाले क्षेत्रों में पटाखों का भंडारण रोकने के साथ यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि किसी आपात स्थिति में लोगों को बाहर निकलने में परेशानी न हो।
पुलिस जिला प्रशासन, आबकारी एवं कराधान विभाग और शॉप इंस्पेक्टरों के साथ मिलकर संयुक्त निरीक्षण करेगी। बिना लाइसेंस पटाखों का निर्माण, भंडारण या बिक्री करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी। दिवाली के दौरान बाजारों और संवेदनशील इलाकों में गश्त व नाकाबंदी भी बढ़ाई जाएगी। अग्निशमन विभाग और अस्पतालों को भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है।