Edited By Isha, Updated: 30 Oct, 2026 08:54 PM

हरियाणा के पंचकूला स्थित सेक्टर-20 के संस्कृति मॉडल स्कूल से एक बेहद खौफनाक और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। स्कूल परिसर के अंदर ही तीसरी कक्षा में पढ़ने वाले एक छात्र ने केजी (KG
पंचकूला(उमंग): हरियाणा के पंचकूला स्थित सेक्टर-20 के संस्कृति मॉडल स्कूल से एक बेहद खौफनाक और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। स्कूल परिसर के अंदर ही तीसरी कक्षा में पढ़ने वाले एक छात्र ने केजी (KG) कक्षा की एक 'स्पेशल चाइल्ड' मासूम बच्ची पर जानलेवा हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आरोपी छात्र ने मासूम बच्ची पर पहले पत्थरों से लगातार हमला किया और फिर भारी गमला उठाकर उसके ऊपर दे मारा।
प्रत्यक्षदर्शियों और शुरुआती जानकारी के मुताबिक, पत्थरों और गमले के हमले से जब बच्ची बेहोश होकर गिर पड़ी, तब भी आरोपी बच्चा नहीं रुका और उसे काफी देर तक जमीन पर घसीटता रहा। घटना के तुरंत बाद लहूलुहान बच्ची को आनन-फानन में सेक्टर-6 स्थित नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बच्ची की नाजुक हालत को देखते हुए उसे PGI चंडीगढ़ रेफर कर दिया, जहां उसकी हालत अत्यंत गंभीर बनी हुई है।
मौके पर पहुंची पुलिस, जांच में जुटी टीम
घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-20 थाना प्रभारी यशदीप और जांच अधिकारी प्रदीप कुमार पुलिस बल के साथ तुरंत स्कूल पहुंचे। पुलिस टीम स्कूल प्रबंधन से सीसीटीवी फुटेज (CCTV) और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जवाब-तलब कर रही है। इतनी कम उम्र में बच्चे द्वारा इस प्रकार के हिंसक कदम उठाने के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस आरोपी छात्र के माता-पिता से भी सघन पूछताछ कर रही है।
सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
स्कूल के सुरक्षित माने जाने वाले परिसर के भीतर इतनी बड़ी घटना घटित होने से बच्चों की सुरक्षा और स्कूल प्रशासन की चौकसी पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। अभिभावकों में इस घटना को लेकर भारी गुस्सा और भय का माहौल है। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की गहनता से तफ्तीश कर रही है।