घर-घर शिक्षा की अलख जगाने वाले दीपचंद निर्मोही का निधन; पानीपत के लेखक व चेतना परिवार के संस्थापक ने नेत्र व देहदान कर समाज को दिया संदेश

Edited By Krishan Rana, Updated: 29 Oct, 2026 06:49 PM

deepchand nirmohi who championed the cause of home based education has passed

पानीपत के प्रमुख लेखक, कवि, साहित्यकार, शिक्षाविद एवं चेतना परिवार के संस्थापक श्री दीपचंद निर्मोही का निधन

पानीपत (सुरजीत खर्ब) : पानीपत के प्रमुख लेखक, कवि, साहित्यकार, शिक्षाविद एवं चेतना परिवार के संस्थापक श्री दीपचंद निर्मोही का निधन हो गया। वे 86 वर्ष के थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन जरूरतमंदों को शिक्षा देने में लगाया। जीवनभर शिक्षा दान करते रहे। वहीं जाते-जाते अपने नेत्र व देहदान कर गए। इससे जहां उनकी आखों से दो इंसानों की जीवन में रोशनी होगी। वहीं खानपुर पीजीआई मेडिकल कालेज में उनके शरीर पर भावी चिकित्सक रिसर्च करेंगे। उन्हें शहर के विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने पुष्पाजंलि कर भावभीनी विदाई दी।

निर्मोही जी ने पहले ही अपने परिवार को इच्छा बता दी थी कि मृत्यु के बाद उनका पार्थिव शरीर जनसेवा दल के माध्यम से मेडिकल शिक्षा के लिए दान किया जाए। उनकी इस अंतिम इच्छा का सम्मान करते हुए जनसेवा दल के सहयोग से उनका पार्थिव शरीर खानपुर मेडिकल कॉलेज को समर्पित किया गया, जहां मेडिकल शिक्षा प्राप्त कर रहीं 75 छात्राओं सहित भावी चिकित्सकों को अध्ययन में सहायता मिलेगी।

बता दें कि श्री दीपचंद निर्मोही का जन्म उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर के आर्य समाज परिवार में श्री बाबूराम के घर हुआ था। श्री दीपचंद निर्मोही का विवाह कमला आर्य के साथ हुआ था। निर्मोही जी के जब बड़े पुत्र सत्यप्रिय ने जन्म लिया तो उनके पिता बाबूराम ने सन्यास ले लिया था। जिसके बाद वह स्वामी दयावंत नाम से जाने गए। श्री निर्मोही 17 वर्ष की आयु में जब 10वीं की शिक्षा ग्रहण कर रहे थे उस वक्त पढ़ाई छोडक़र हिंदी सत्याग्रह आंदोलन में कूद पड़े थे। जिसमें उन्हें जेल में भी बंद रहना पड़ा।

PunjabKesari

दीपचंद निर्मोही जी स्वामी कल्याण देव से शुरू से ही प्रेरित रहे। उन्हीं के पद चिन्हों पर चलकर शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाई। निर्मोही ने अनेकों पुस्तकें भी लिखी जिनमें सूरज का सफर, इसलिए की मैं औरत हूं ,अल्ताफ हुसैन हाली, कालजयी संत महर्षि दयानंद सरस्वती, और कितने अंधेरे ,कालजयी महात्मा गांधी, इंदिरा गांधी, यह कहानी नहीं है, विसर अंधेरा आजादी के भवन नींव के नायक, विश्व की सर्वाधिक संघर्षशील महिला इंदिरा गांधी व स्वामी कल्याण देव से जुड़ी अनेकों पुस्तके लिखी।

वहीं 1967 में गौ हत्या के विरोध में चल रहे आंदोलन के दौरान तिहाड़ जेल दिल्ली में भी जाना पड़ा। निर्मोही जी की प्राथमिक शिक्षा मुजफ्फरनगर में व उसके बाद स्वामी कल्याण देव कालेज बघरा में शिक्षा प्राप्त की। शिक्षा ग्रहण प्राप्त करने के बाद श्री निर्मोही ने एक शिक्षक के रूप में आर्य वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पानीपत में अपना सफर शुरू किया। उसके बाद इसी विद्यालय में प्रधानाचार्य के पद पर सेवानिवृत हुए।


झुगी-झोपड़ियों एवं कूड़ा-कर्कट बीनने वाले बच्चों के लिए शुरू की चेतना स्कूल की श्रृंखला शुरू
प्रधानाचार्य के पद से सेवानिवृत होने के बाद उन्होंने झुगी-झोपडिय़ों एवं कूड़ा-कर्कट बीनने वाले बच्चें जो शिक्षा से वंचित थे उन्हे इकट्ठा करके चेतना स्कूल की श्रृंखला शुरू की। जिसमें उनकी धर्मपत्नी कमला आर्य का भी विशेष योगदान रहा। चेतना स्कूल, चेतना प्रौढ़ शिक्षा केंद्र, चेतना सिलाई, कढ़ाई, ब्यूटी पार्लर, कंप्यूटर स्कूल सैंकड़ो की संख्या में चलाए जा रहे हैं। जिनमें बच्चों व महिलाओं को फ्री शिक्षा दी जा रही है। वहीं बेटियों को स्वालम्बी बनाने के लिए सिलाई, कढ़ाई, ब्यूटी पार्लर, कंप्यूटर शिक्षा नि:शुल्क दी जा रही है। 

श्री निर्मोही पिछले 10 दिन से अस्वस्थ चल रहे थे। जिनका 28 अक्टूबर को एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया। निर्मोही जी हरिजन सेवक संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं अनेकों साहित्य अकादमी एवं राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कारों से नवाजे गए। यहां तक की इतनी आयु में भी निर्मोही जी अपनी साइकिल पर ही सफर करते थे और पानीपत की उन बस्तियों में जाकर कूड़ा करकट बीनने वाले बच्चों को शिक्षित करने के अभियान में जुटे रहे। परिवार में उनकी धर्मपत्नी कमला आर्य ,एक सुपुत्री सुरेखा, तीन पुत्र सत्यप्रिय, देव प्रिय एवं विवेक है।


शिक्षाविद् दीपचन्द्र निर्मोही की स्मृति में प्रेरणा सभा आर्य कालेज में आज
 प्रख्यात शिक्षाविद्, वरिष्ठ साहित्यकार, समाजसेवक एवं चेतना परिवार के संस्थापक दीपचन्द्र निर्मोही का 27 अक्टूबर को निधन हो गया। उनके निधन से साहित्य, शिक्षा एवं समाजसेवा के क्षेत्र में शोक की लहर है। उन्होंने अपने जीवन में शिक्षा के प्रसार, साहित्य सृजन और समाजसेवा के माध्यम से महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनकी सरलता, सादगी और विचारशील व्यक्तित्व सदैव लोगों को प्रेरित करता रहेगा। 

यह जानकारी चेतना परिवार की प्रबंध न्यासी निर्मल दत्त ने देते हुए बताया कि स्वर्गीय दीपचन्द्र निर्मोही के प्रेरणादायक जीवन, विचारों तथा शिक्षा और समाजसेवा के क्षेत्र में उनके अमूल्य योगदान को याद करने के लिए 30 अक्टूबर, शुक्रवार को प्रेरणा सभा का आयोजन किया जाएगा। 

यह सभा दोपहर 1 से 3 बजे तक जी.टी. स्थित आर्य कालेज के ओ.पी. सिंगला सभागार में आयोजित होगी। उन्होंने बताया कि प्रेरणा सभा में निर्मोही परिवार तथा चेतना परिवार के सदस्य और शुभचिंतक उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके जीवन एवं कार्यों को स्मरण करेंगे। आयोजकों ने सभी शुभचिंतकों से सभा में पहुंचकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धासुमन अर्पित करने की अपील की है।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)   

 

 

 

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!