Edited By Isha, Updated: 29 Oct, 2026 08:42 AM
हरियाणा में गाड़ियों की मांग लगातार बढ़ रही है। एकल परिवारों की बढ़ती संख्या, बैंकों से आसान शर्तों पर मिलने वाला वाहन ऋण और सार्वजनिक परिवहन की तुलना में निजी वाहन को प्राथमिकता देने की प्रवृत्ति इसके प्रमुख
चंडीगढ़( चन्द्र शेखर धरणी): हरियाणा में गाड़ियों की मांग लगातार बढ़ रही है। एकल परिवारों की बढ़ती संख्या, बैंकों से आसान शर्तों पर मिलने वाला वाहन ऋण और सार्वजनिक परिवहन की तुलना में निजी वाहन को प्राथमिकता देने की प्रवृत्ति इसके प्रमुख कारण बन रहे हैं। पिछले पांच वर्षों के दौरान प्रदेश में 46 लाख से अधिक नए वाहनों का पंजीकरण हुआ है। इससे सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ने के साथ-साथ सरकार के राजस्व में भी लगातार इजाफा हो रहा है।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की वेबसाइट पर उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2022 से 2026 में अब तक हरियाणा में कुल 46,03,706 नए वाहन पंजीकृत हुए हैं। प्रदेश में हर महीने औसतन करीब 93 हजार वाहनों का पंजीकरण हो रहा है। इनमें लगभग 10 प्रतिशत हिस्सेदारी व्यावसायिक वाहनों की है। शेष में निजी उपयोग के वाहन प्रमुख हैं।
2026 में अब तक 9.49 लाख वाहन पंजीकृत
वर्ष 2026 में अक्टूबर माह पूरा होने से पहले ही प्रदेश में 9,49,393 नए वाहन पंजीकृत हो चुके हैं। पिछले वर्ष अक्टूबर के अंत तक यह संख्या करीब 9.20 लाख थी। इस तरह इस बार अक्टूबर के दौरान ही पिछले वर्ष की तुलना में पंजीकरण का आंकड़ा आगे निकल गया है। वर्ष के शेष दो महीनों में करीब दो लाख और नए वाहनों के सड़कों पर उतरने की संभावना जताई जा रही है। यदि यह रफ्तार बनी रहती है तो वर्ष 2026 में वाहन पंजीकरण की वृद्धि दर 10 प्रतिशत से अधिक रह सकती है।
आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2025 में प्रदेश में 10,81,113 वाहनों का पंजीकरण हुआ था। इससे पहले 2024 में 9,96,162, वर्ष 2023 में 8,35,626 और वर्ष 2022 में 7,39,412 वाहन पंजीकृत किए गए थे। वर्ष 2024 में वाहन पंजीकरण की वृद्धि दर 19.21 प्रतिशत रही थी, जबकि 2025 में यह दर 8.53 प्रतिशत दर्ज की गई।
गुरुग्राम और फरीदाबाद में सबसे अधिक वाहन
नए वाहनों के पंजीकरण में गुरुग्राम और फरीदाबाद प्रदेश में सबसे आगे हैं। वर्ष 2026 में अब तक एचआर-23 गुरुग्राम में 83,429 और एचआर-51 फरीदाबाद में 41,210 वाहनों का पंजीकरण हुआ है। इसके बाद एचआर-6 पानीपत में 32,504, एचआर-29 बल्लभगढ़ में 25,380 और एचआर-2 जगाधरी में 17,631 वाहन पंजीकृत किए गए हैं। औद्योगिक गतिविधियों, शहरी विस्तार और बढ़ती आबादी वाले क्षेत्रों में वाहनों की मांग अधिक बनी हुई है।
एकल परिवार और आसान फाइनेंसिंग प्रमुख कारण
वाहनों की मांग बढ़ने के पीछे तीन प्रमुख कारण हैं। पहला, संयुक्त परिवारों की जगह एकल परिवारों की संख्या बढ़ रही है। ऐसे में अलग-अलग परिवारों को अपने दैनिक आवागमन के लिए अलग वाहन की जरूरत पड़ती है। दूसरा, बैंकों और वित्तीय संस्थानों से आसान शर्तों पर वाहन ऋण उपलब्ध होने के कारण लोग एकमुश्त बड़ी रकम खर्च किए बिना भी गाड़ी खरीद पा रहे हैं।
तीसरा कारण सार्वजनिक परिवहन और किराये के वाहनों पर होने वाला बढ़ता खर्च है। आवागमन के लिए बार-बार किराया चुकाने की तुलना में लोग अपना वाहन खरीदना अधिक सुविधाजनक मानते हैं। इससे दोपहिया और चारपहिया वाहनों की मांग को बढ़ावा मिल रहा है।
वाहन पंजीकरण से सरकार को करोड़ों का राजस्व
वाहनों की बढ़ती संख्या का असर सरकारी राजस्व पर भी दिखाई दे रहा है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2022 में वाहन पंजीकरण से 32,41,51,82,863 रुपये, 2023 में 39,50,10,02,169 रुपये, 2024 में 43,87,36,56,590 रुपये और 2025 में 45,89,52,27,726 रुपये का राजस्व दर्ज किया गया। वर्ष 2026 में अब तक यह आंकड़ा 39,34,40,40,822 रुपये है। इस प्रकार वाहनों की बढ़ती खरीद प्रदेश की अर्थव्यवस्था और सरकारी राजस्व के लिए महत्वपूर्ण बनी हुई है।