Edited By Manisha rana, Updated: 03 Jun, 2026 08:39 AM

जननायक जनता पार्टी के प्रदेश मीडिया समन्वयक दीपकमल सहारण ने पार्टी के पद को छोड़ दिया है और राजनीति से विराम ले लिया है। वे पार्टी के गठन से लेकर पिछले साढ़े सात वर्षों तक जेजेपी के मीडिया प्रमुख के तौर पर काम कर रहे थे।
चंडीगढ़ (धरणी) : जननायक जनता पार्टी के प्रदेश मीडिया समन्वयक दीपकमल सहारण ने पार्टी के पद को छोड़ दिया है और राजनीति से विराम ले लिया है। वे पार्टी के गठन से लेकर पिछले साढ़े सात वर्षों तक जेजेपी के मीडिया प्रमुख के तौर पर काम कर रहे थे। दीपकमल ने बताया कि वे अब स्वतंत्र तौर पर मीडिया और राजनीति के विषयों पर शोध का काम करेंगे। साथ ही उनकी दूसरी पुस्तक ‘चौपाल से चंडीगढ़’ को बहुत जल्द रिलीज करेंगे।
दीपकमल सहारण ने बताया कि वे जेजेपी के गठन से एक सप्ताह पहले 1 दिसंबर 2018 को राजनीति में आए थे और तभी से पार्टी के स्टेट मीडिया कोऑर्डिनेटर का काम देख रहे थे। चंडीगढ़ स्थित पार्टी मुख्यालय से उन्होंने पार्टी की नियमित गतिविधियों की मीडिया कवरेज के अलावा विभिन्न चुनावों, गठबंधन सरकार के कार्यक्रमों, और पार्टी के लिए रिसर्च और साहित्य प्रकाशन का काम किया। उन्होंने कहा कि यह सफर नए अनुभवों से भरा और बहुत ज्ञानवर्धक रहा।
अपनी दूसरी किताब के बारे में दीपकमल ने बताया कि ‘चौपाल से चंडीगढ़’ पुस्तक में आज़ादी के बाद देश में 1952 में हुए पहले चुनाव से लेकर 2024 तक के सभी विधानसभा चुनावों का हरियाणा का इतिहास प्रस्तुत किया गया है। 500 से ज्यादा पेज की यह किताब राजनीति में दिलचस्पी रखने वालों के लिए बहुत महत्वपूर्ण रहेगी। उन्होंने बताया कि 10 जून से इस पुस्तक की बिक्री ऑनलाइन और पुस्तक स्टोर आदि पर शुरू करवाने की योजना है। साथ ही उन्होंने कहा कि पत्रकारिता में उनकी पीएचडी चल रही है और उसके शोधकर्ता पर भी वे समय लगाकर उसे पूरा करेंगे। जेजेपी में अपने साढ़े सात वर्ष के कार्यकाल के लिए उन्होंने पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ अजय सिंह चौटाला, पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला समेत सभी शीर्ष नेताओं का आभार जताया।