Edited By Pawan Kumar Sethi, Updated: 05 Jun, 2026 06:48 PM

दिल्ली के जंतर-मंतर पर शनिवार को होने वाले कॉकरोच जनता पार्टी के बड़े प्रदर्शन को लेकर दिल्ली से सटे साइबर सिटी गुरुग्राम में भी हलचल तेज हो गई है। इस विरोध प्रदर्शन में गुरुग्राम के विभिन्न इलाकों से भारी संख्या में युवाओं के शामिल होने की सूचना है।
गुड़गांव, (ब्यूरो): दिल्ली के जंतर-मंतर पर शनिवार को होने वाले कॉकरोच जनता पार्टी के बड़े प्रदर्शन को लेकर दिल्ली से सटे साइबर सिटी गुरुग्राम में भी हलचल तेज हो गई है। इस विरोध प्रदर्शन में गुरुग्राम के विभिन्न इलाकों से भारी संख्या में युवाओं के शामिल होने की सूचना है। इस इनपुट के बाद गुरुग्राम पुलिस और खुफिया विभाग की टीम पूरी तरह से अलर्ट मोड पर आ गई हैं। कानून-व्यवस्था न बिगड़े, इसके लिए दिल्ली-गुरुग्राम बॉर्डर समेत शहर के प्रमुख चौराहों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
सूत्रों के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स (एक्स, फेसबुक और इंस्टाग्राम) पर इस प्रदर्शन को लेकर काफी सक्रियता देखी जा रही है। गुरुग्राम पुलिस का साइबर सेल और इंटेलिजेंस विंग उन सभी अकाउंट्स की बारीकी से निगरानी कर रहा है जो इस प्रदर्शन को हवा दे रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का साफ कहना है कि जो भी लोग सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट डाल रहे हैं या इस प्रदर्शन के समर्थन में युवाओं को लामबंद कर रहे हैं, वे सुरक्षा एजेंसियों की रडार पर हैं।
इस प्रदर्शन को लेकर राजनीतिक गलियारों में भी सरगर्मी बढ़ गई है। बताया जा रहा है कि आम आदमी पार्टी (आप) के कई स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कॉकरोच जनता पार्टी के इस प्रदर्शन को अपना खुला समर्थन दिया है। आप कार्यकर्ताओं के इस रुख के बाद प्रदर्शन में भीड़ जुटने की संभावना और अधिक बढ़ गई है। शनिवार सुबह गुरुग्राम के अलग-अलग हिस्सों से युवाओं और कार्यकर्ताओं के जत्थे निजी वाहनों और सार्वजनिक परिवहन के जरिए दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
शनिवार को होने वाले इस प्रदर्शन के मद्देनजर गुरुग्राम पुलिस ने दिल्ली पुलिस के साथ समन्वय स्थापित किया है। सरहोल बॉर्डर, कापसहेड़ा बॉर्डर और आया नगर मार्ग पर भी निगरानी बढ़ाई गई। संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जाएगी ताकि कोई भी असामाजिक तत्व माहौल खराब करने के इरादे से दिल्ली में प्रवेश न कर सके। पुलिस प्रशासन ने युवाओं से अपील की है कि वे किसी भी तरह के कानून विरोधी प्रदर्शन का हिस्सा न बनें और शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।