दमकल कर्मियों ने जलाई जॉब सिक्योरिटी पत्र की प्रतियां, सरकार के खिलाफ किया विरोध प्रदर्शन

Edited By Pawan Kumar Sethi, Updated: 24 Jul, 2026 09:00 PM

firefighter burned copy of job security letters and staged protest against govt

हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन के आह्वान पर शुक्रवार को मुख्य दमकल केंद्र सेक्टर-29 पर हरियाणा सरकार द्वारा 20 जुलाई को जारी किए गए तथाकथित "जॉब सिक्योरिटी" संबंधी पत्र की प्रतियां जलाकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया।

गुड़गांव, (ब्यूरो): हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन के आह्वान पर शुक्रवार को मुख्य दमकल केंद्र सेक्टर-29 पर हरियाणा सरकार द्वारा 20 जुलाई को जारी किए गए तथाकथित "जॉब सिक्योरिटी" संबंधी पत्र की प्रतियां जलाकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। दमकल कर्मियों ने सरकार के नाम वरिष्ठ दमकल अधिकारी नरेंद्र कुमार के माध्यम से ज्ञापन सौंपा।  जिसमें जॉब सिक्योरिटी संबंधी पत्र को तत्काल रद्द करने, 13 मई के द्विपक्षीय समझौते में मानी गई सभी मांगों को बिना किसी शर्त लागू करने तथा यूनियन प्रतिनिधिमंडल को तत्काल वार्ता के लिए बुलाने की मांग की गई है। 

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक  https://www.facebook.com/KesariGurugram  पर क्लिक करें।

 

राज्य कमेटी में साहून खान ने बताया कि 20 जुलाई को जारी किया गया जॉब सिक्योरिटी पत्र सरकार की वादा खिलाफी और पे-रोल दमकल कर्मचारियों के साथ खुला विश्वासघात है। 13 मई को हरियाणा सरकार एवं हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन के बीच हुई द्विपक्षीय वार्ता में सरकार ने पे-रोल फायरमैन एवं चालकों को नियमित सरकारी नौकरी देने तथा मानी गई मांगों को 30 जून तक लागू करने का स्पष्ट आश्वासन दिया था। इस वार्ता में फरीदाबाद अग्निकांड में मारे गए दमकल कर्मचारियों के आश्रितों को 50-50 लाख रुपए की आर्थिक सहायता, परिवार के एक सदस्य को नियमित सरकारी नौकरी तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं के लिए स्थायी नीति बनाने, सभी पे-रोल फायरमैन एवं चालकों को नियमित करने, पिछले पांच वर्षों की वेतन वृद्धि के एरियर का भुगतान करने, पाँच वर्ष से कम सेवा वाले कौशल निगम (एचकेआरएनएल) कर्मचारियों को पे-रोल पर लेकर उनके रोजगार की सुरक्षा सुनिश्चित करने, सभी प्रकार के दमकल कर्मचारियों को 5,000 रुपए मासिक जोखिम भत्ता एवं पुलिस की तर्ज पर 7,500 रुपए वर्दी भत्ता देने तथा नियमित कर्मचारियों को अन्य विभागों की तर्ज पर ऑनलाइन ट्रांसफर नीति में राहत प्रदान करने जैसी महत्वपूर्ण मांगों पर सहमति बनी थी। लेकिन सरकार ने इन मांगों को लागू करने के बजाय नियमितीकरण से पीछे हटते हुए जॉब सिक्योरिटी का पत्र जारी कर कर्मचारियों के साथ छल किया है।

 

जिला सचिव सुनील कुमार ने स्पष्ट किया कि जॉब सिक्योरिटी किसी भी स्थिति में नियमित सरकारी नौकरी का विकल्प नहीं हो सकती। वर्षों से अपनी जान जोखिम में डालकर जनता की सेवा कर रहे पे-रोल दमकल कर्मचारियों का अधिकार नियमित सरकारी सेवा है। यदि सरकार ने 13 मई के समझौते को पूर्ण रूप से लागू नहीं किया और जॉब सिक्योरिटी संबंधी पत्र वापस नहीं लिया, तो हरियाणा के सभी नियमित, पे-रोल एवं एचकेआरएनएल दमकल कर्मचारी नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा द्वारा घोषित 6 से 8 अगस्त की राज्यव्यापी हड़ताल में पूरे प्रदेश में बढ़-चढ़कर भाग लेंगे अगर जरूरत पड़ी तो इस तीन दिन की हड़ताल को अनिश्चितकालीन हड़ताल में बदलने पर मजबूर होंगे। इस हड़ताल से अगर जनता के जान माल की कोई हानि होती है तो इसकी समस्त जिम्मेदारी हरियाणा सरकार एवं प्रशासन की होगी। आज के कार्यक्रम में मुख्य रूप से सुनील कुमार, राजेश, सुनील कुमार, बलदेव राज, कुलदीप, राय सिंह, जगत सिंह, प्रदीप कुमार,वीरेंद्र सिंह, नवीन कुमार आदि उपस्थित रहे।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!