Edited By Isha, Updated: 21 Mar, 2026 12:33 PM

जिले के पिहोवा क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में घायल हुए किशोर की मौत के मामले में करीब चार महीने बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। आरोप है कि हादसे के बाद आरोपी ने इलाज का खर्च उठाने का भरोसा दिया, लेकिन बाद में मुकर गया।
कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा): जिले के पिहोवा क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में घायल हुए किशोर की मौत के मामले में करीब चार महीने बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। आरोप है कि हादसे के बाद आरोपी ने इलाज का खर्च उठाने का भरोसा दिया, लेकिन बाद में मुकर गया।
मृतक की पहचान गांव बोढ़नी निवासी चेतन के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार 26 नवंबर की शाम करीब 6:30 बजे चेतन साइकिल पर बोढ़नी से बोढ़ा की ओर जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक (PB11CZ-2298) ने गलत साइड में आकर दूसरी बाइक को ओवरटेक करते हुए उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही चेतन सिर के बल सड़क पर गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद आरोपी ने घायल को उठाकर परिजनों को सूचना दी और उसे पिहोवा के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया। वहां आरोपी के परिजन भी पहुंच गए और मामले को दबाने के लिए इलाज का खर्च उठाने का भरोसा दिया। परिजनों ने उनकी बात मान ली।
कुछ समय बाद डॉक्टरों ने हालत गंभीर होने पर चेतन को एलएनजेपी अस्पताल कुरुक्षेत्र रेफर कर दिया। बाद में उसे एक निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों ने बिना पुलिस कार्रवाई के अंतिम संस्कार कर दिया।
आरोप है कि बाद में आरोपी इलाज का खर्च देने से मुकर गया। इसके बाद परिजनों ने पुलिस में शिकायत दी। अब थाना सदर पिहोवा पुलिस ने आरोपी सलिंद्र निवासी गांव बोढ़ा के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।