Edited By Isha, Updated: 15 Mar, 2026 08:56 PM

हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के पिहोवा में एक बैंक कर्मचारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सोमवार सुबह उसका शव बैंक की बिल्डिंग के ऊपर बने कमरे में चारपाई पर पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलने
कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा): हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के पिहोवा में एक बैंक कर्मचारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सोमवार सुबह उसका शव बैंक की बिल्डिंग के ऊपर बने कमरे में चारपाई पर पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान संदीप कुमार (34) निवासी गांव खेड़की, जिला शामली (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। वह बंधन बैंक में एलएसओ (लोन सर्विसिंग ऑफिसर) के पद पर कार्यरत था और करीब छह महीने पहले उसका तबादला करनाल से पिहोवा ब्रांच में हुआ था। संदीप अपने साथियों अतुल और नरेश कुमार के साथ बैंक की बिल्डिंग के ऊपर बने कमरे में रहता था।
परिजनों के अनुसार सोमवार सुबह करीब आठ बजे संदीप के साथी कर्मचारी ने उसके भाई विकास कुमार को फोन कर उसकी तबीयत खराब होने की सूचना दी। सूचना मिलने पर परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे। जब वे कमरे में पहुंचे तो संदीप चारपाई पर मृत अवस्था में पड़ा मिला। परिवार ने बताया कि घर पर संदीप के रिश्ते की बातचीत चल रही थी और वह चार भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटा था।
मामले की सूचना मिलने पर थाना सिटी पिहोवा पुलिस ने जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में पुलिस को संदीप की मौत दिल का दौरा पड़ने से होने की आशंका है। थाना सिटी पिहोवा में तैनात एएसआई दिलबाग सिंह ने बताया कि मृतक के भाई के बयान के आधार पर इत्तफाकिया रिपोर्ट दर्ज की गई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।