Edited By Manisha rana, Updated: 14 Mar, 2026 08:59 AM

कुरुक्षेत्र जिले में शव मिलने के मामले में थाना और चौकी पुलिस के बीच एरिया को लेकर बहस हो गई। विवाद के कारण करीब 4 घंटे तक युवक का शव नहर किनारे ही पड़ा रहा। बाद में थाना पुलिस के निर्देश पर चौकी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अस्पताल पहुंचाया।
कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा) : कुरुक्षेत्र जिले में शव मिलने के मामले में थाना और चौकी पुलिस के बीच एरिया को लेकर बहस हो गई। विवाद के कारण करीब 4 घंटे तक युवक का शव नहर किनारे ही पड़ा रहा। बाद में थाना पुलिस के निर्देश पर चौकी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार नरवाना ब्रांच नहर (भाखड़ा) में एक युवक का शव मिलने की सूचना मिलने पर गोताखोर मौके पर पहुंचे और कुछ ही मिनटों में शव को नहर किनारे लगा दिया। इसके बाद गोताखोरों ने डायल-112 को सूचना दी, जिस पर थाना केयूके और ज्योतिसर चौकी पुलिस के कर्मचारी मौके पर पहुंच गए।
बताया जा रहा है कि मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों के बीच यह बहस शुरू हो गई कि घटना किस क्षेत्राधिकार में आती है। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में काफी देर तक विवाद चलता रहा। इस दौरान शव नहर किनारे रस्सी से बंधा पड़ा रहा और एंबुलेंस भी वापस लौट गई।
मृतक की जेब से मिली एलएनजेपी अस्पताल की पर्ची
गोताखोर प्रगट सिंह के अनुसार पुलिसकर्मियों की बहस देखकर वे अपनी टीम के साथ शव को बाइक पर रखकर एसपी कार्यालय ले जाने लगे। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने शव को कब्जे में लेकर एलएनजेपी अस्पताल भिजवाया। मृतक की जेब से एलएनजेपी अस्पताल की पर्ची भी मिली है, जिस पर संदीप कुमार नाम लिखा हुआ है। पुलिस के अनुसार पर्ची के आधार पर मृतक की पहचान गांव रावगढ़ निवासी करीब 25 वर्षीय संदीप कुमार के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जांच में शव पर चोट के निशान नहीं मिले हैं। पुलिस का कहना है कि युवक नहर में गिरा या उसने आत्महत्या की, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा। ज्योतिसर चौकी के एएसआई जोधा राम ने बताया कि शव को एलएनजेपी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है और शनिवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। शुरुआती जांच में सामने आया है कि मृतक मानसिक रूप से परेशान रहता था और अकेला रहता था।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)