Edited By Harman, Updated: 12 Aug, 2026 06:37 PM

जिला चरखी दादरी पुलिस ने 06 अगस्त 2026 को दादरी शहर में हुई गोलीबारी की घटना में बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य साजिशकर्ता अमरजीत उर्फ पंकज पुत्र धर्मबीर निवासी साहुवास को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से एक अवैध पिस्टल भी...
चरखी दादरी (पुनीत) : जिला चरखी दादरी में 06 अगस्त 2026 को दादरी शहर में हुई गोलीबारी की घटना में CIA ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य साजिशकर्ता अमरजीत उर्फ पंकज पुत्र धर्मबीर निवासी साहुवास को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से एक अवैध पिस्टल भी बरामद हुई है।
अपराध शाखा दादरी की टीम को गोपनीय सूचना मिली थी कि अमरजीत उर्फ पंकज गांव गोपालवास की बणी में श्मशान घाट के पास बिना नंबर की सफेद बोलेरो गाड़ी में अवैध हथियारों के साथ मौजूद है तथा किसी अन्य वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस को देखकर आरोपी बोलेरो गाड़ी लेकर भागने लगा। पुलिस द्वारा घेराबंदी किए जाने पर आरोपी वाहन छोड़कर भागा और पीछा करने पर उसने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। आरोपी द्वारा चलाई गई एक गोली पुलिस अधिकारी की बुलेट प्रूफ जैकेट में लगी, जिससे पुलिस टीम बाल-बाल बच गई। आत्मसमर्पण के लिए चेतावनी देने के बावजूद आरोपी ने दोबारा फायरिंग की। पुलिस ने आत्मरक्षा में नियंत्रित जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैरों में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा।
घायल आरोपी को तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए सरकारी अस्पताल भेजा गया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने स्वयं को काला साहुवास गैंग का सरगना बताया तथा 06 अगस्त की गोलीबारी में अपनी भूमिका स्वीकार की। आरोपी ने यह भी बताया कि उसी के कहने पर अन्य आरोपियों ने अमित फतेहगढ़िया और उसके साथियों पर फायरिंग की थी।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 109(1), 121(1), 132, 221 तथा शस्त्र अधिनियम की धाराओं 25(1)(A)/27-54-59 के तहत थाना बाढ़ड़ा में मामला दर्ज कर लिया है। घटनास्थल पर एफएसएल और सीन ऑफ क्राइम टीम को बुलाकर वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी तथा कानून व्यवस्था भंग करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
क्या है मामला
बता दें कि 6 अगस्त को कोर्ट से तारीख भुगतकर लौट रहे युवकों की गाड़ी थाने के सामने रोककर करीब आधा दर्जन हमलावरों ने ताबड़तोड़ लगभग 30 राउंड फायरिंग कर दी थी। इस गोलीबारी में 6 लोग घायल हो गए, जिन्हें तत्काल दादरी के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस थाने के सामने हमलावर वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए।

घायलों में 2 युवकों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद रोहतक PGI रेफर किया गया था। वारदात के बाद पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी थी। घटनास्थल के दोनों ओर सड़क को ब्लॉक कर दिया गया, जबकि आरोपियों की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही थी।