Edited By Shivam, Updated: 07 Dec, 2018 06:19 PM
जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आ रहे हैं, वैसे-वैसे ही नेताओं के तेवर बदले से नजर आ रहे हैं। हरियाणा के सहकारिता राज्य मंत्री मनीष ग्रोवर के बयानों से यह प्रतीत होता है कि अबकी बार चुनावों में साम दाम दंड भेद सबकुछ चलेगा...
रोहतक(दीपक भारद्वाज): जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आ रहे हैं, वैसे-वैसे ही नेताओं के तेवर बदले से नजर आ रहे हैं। हरियाणा के सहकारिता राज्य मंत्री मनीष ग्रोवर के बयानों से यह प्रतीत होता है कि अबकी बार चुनावों में साम दाम दंड भेद सबकुछ चलेगा। दरअसल, रोहतक जिले के पहरावर गांव में भाजपा प्रत्याशी के चुनाव प्रचार के लिए पहुंचे ग्रोवर को लोगों ने कह दिया कि दूसरा प्रत्याशी बंदूक लिए घूम रहा है, तो मंत्री जी ने भी सीधे कह दिया कि डरने की जरूरत नही बंदूक लो, गनमैन लो पैसा लो बुलावा तो ऊपर वाले के हाथ में है।
नगर निगम रोहतक क्षेत्र के गांव पहरावर में आज सहकारिता राज्य मंत्री मनीष ग्रोवर वार्ड नंबर 10 से भाजपा प्रत्याशी मोनू देवी के लिए चुनाव प्रचार करने पहुंचे थे। जहां लोगों ने उन्हें यह कह दिया कि दूसरा प्रत्याशी बंदूक लिए घूम रहा है, जिस पर ग्रोवर बोले कि बंदूक लेकर घूमने वाला बदमाश नहीं डरपोक होता है। किसी से डरने की जरूरत नही है, बंदूक चाहिए, गनमैन चाहिए, पैसा चाहिए मैं दूंगा। कोई कुछ नही कर सकता जब तक ऊपर वाले का बुलावा नहीं आता। गनमैन तो मेरे साथ भी रहते है, लेकिन ये बंदूके केवल दिखावे के लिए होती है।