Edited By Deepak Kumar, Updated: 01 Aug, 2025 06:19 PM

हरियाणा के पर्वतारोही नरेंद्र यादव एक बार फिर इतिहास रचने जा रहे हैं। वे 6 अगस्त को रूस रवाना होंगे, जहां वे यूरोप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एल्ब्रुस पर चढ़ाई के लिए अंतरराष्ट्रीय पर्वतारोहियों की टीम के साथ जुड़ेंगे।
डेस्क: हरियाणा के पर्वतारोही नरेंद्र यादव एक बार फिर इतिहास रचने जा रहे हैं। वे 6 अगस्त को रूस रवाना होंगे, जहां वे यूरोप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एल्ब्रुस (18,510 फीट) पर चढ़ाई के लिए अंतरराष्ट्रीय पर्वतारोहियों की टीम के साथ जुड़ेंगे। खास बात यह है कि इस अंतरराष्ट्रीय टीम का नेतृत्व नरेंद्र स्वयं कर रहे हैं। योजना के मुताबिक, नरेंद्र 15 अगस्त को एल्ब्रुस की चोटी पर तिरंगा फहराकर भारत का मान बढ़ाएंगे।
पहले भी दो बार कर चुके हैं एल्ब्रुस फतह
नरेंद्र इससे पहले 2017 और 2023 में भी माउंट एल्ब्रुस की सफल चढ़ाई कर चुके हैं। यह उनका तीसरा प्रयास होगा। यदि वे इस बार भी चोटी पर पहुंचने में सफल होते हैं, तो तीन बार एल्ब्रुस फतह करने वाले पहले भारतीय पर्वतारोही बन जाएंगे।
पर्वतारोहण के प्रति परिवार का जुनून
नरेंद्र यादव की मौसेरी बहन, पद्मश्री संतोष यादव, माउंट एवरेस्ट को दो बार फतह करने वाली पहली भारतीय महिला हैं। नरेंद्र की उपलब्धियां इसलिए भी विशेष हैं, क्योंकि वे चार साल पहले पर्वतारोहण के दौरान फ्रॉस्टबाइट (अत्यधिक ठंड से अंगों का जम जाना) का शिकार हो गए थे। हालत इतनी गंभीर थी कि डॉक्टरों ने उनके पैर तक काटने की सलाह दे दी थी। इसके बावजूद, उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और अब तक सातों महाद्वीपों की सबसे ऊंची चोटियों पर चढ़ाई कर चुके हैं।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)