सुरक्षा में चूक; LNJP अस्पताल के कैदी वार्ड से आरोपी फरार, बाथरूम के बहाने गार्द को चकमा देकर भागा

Edited By Krishan Rana, Updated: 05 Sep, 2026 01:45 PM

security lapse accused escapes from lnjp hospital s inmate ward eludes guards

कुरुक्षेत्र के लोकनायक जयप्रकाश (LNJP) सिविल अस्पताल के कैदी वार्ड से एक आरोपी पुलिस गार्द को चकमा देकर फरार

कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा): कुरुक्षेत्र के लोकनायक जयप्रकाश (LNJP) सिविल अस्पताल के कैदी वार्ड से एक आरोपी पुलिस गार्द को चकमा देकर फरार हो गया। आरोपी को जिला जेल में सुसाइड की कोशिश के बाद इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शनिवार सुबह करीब 6 बजे वह बाथरूम जाने के बहाने गार्द को चकमा देकर अस्पताल की इमरजेंसी के साथ वाली बिल्डिंग के गेट से फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने अस्पताल की CCTV फुटेज खंगालने के साथ आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

चोरी के मामले में जेल में बंद था आरोपी
फरार आरोपी की पहचान सतिंद्र उर्फ सतेंद्र उर्फ कांति निवासी मंडोखरा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी को घर में चोरी के मामले में गिरफ्तार किया गया था। आरोप है कि 19 नवंबर 2025 को उसने रामनगर में एक मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी की थी। पुलिस ने जांच के दौरान आरोपी को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर पूछताछ की थी। पूछताछ के बाद उसे दोबारा जेल भेज दिया गया था। 

जेल में की थी सुसाइड की कोशिश
पुलिस के मुताबिक 3-4 सितंबर की रात आरोपी ने जिला जेल में सुसाइड करने की कोशिश की थी। उसकी हालत बिगड़ने पर उसे उपचार के लिए LNJP अस्पताल लाया गया। उसकी नाक से खून बह रहा था। डॉक्टरों ने उसकी हालत और मानसिक स्थिति को देखते हुए उसे अस्पताल के कैदी वार्ड में भर्ती कर इलाज शुरू किया था।

बाथरूम के बहाने दिया चकमा
शनिवार सुबह करीब 6 बजे आरोपी बाथरूम जाने के लिए उठा। उसके साथ एक कर्मी भी गया था। आरोपी ने कर्मी को बाथरूम में ही छोड़ दिया और कुछ देर बाद अकेला बाहर निकल आया। इसके बाद वह अस्पताल की इमरजेंसी के साथ वाली बिल्डिंग के गेट से फरार हो गया।

कुछ देर बाद कर्मी वार्ड में वापस पहुंचा तो आरोपी वहां नहीं मिला। उसे लगा कि आरोपी अभी बाथरूम में ही होगा। जब दोबारा बाथरूम में जाकर तलाश की गई तो वहां भी आरोपी नहीं मिला। इसके बाद शक होने पर साथी गार्द और पुलिस को सूचना दी गई।

CCTV में भागते दिखा आरोपी
सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और आसपास के क्षेत्र में आरोपी की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने अस्पताल में लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली। फुटेज के आधार पर आरोपी के भागने की दिशा का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

10 मामलों में दर्ज हैं केस
पुलिस PRO नरेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया जा रहा है। आरोपी की तलाश के लिए CIA के साथ जिले के अन्य थानों की पुलिस टीमें भी लगाई गई हैं। पुलिस के अनुसार कांति के खिलाफ कुरुक्षेत्र और करनाल जिले में चोरी, छीनाझपटी, लड़ाई-झगड़े और मारपीट समेत करीब 10 मामले दर्ज हैं।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)                 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!