हरियाणा पुलिस हिरासत से भागा हवालाती 11 दिन बाद पुलिस के हत्थे चढ़ा, भागने की बताई ऐसी वजह...सुनकर पुलिस के उड़े होश

Edited By Harman, Updated: 16 Sep, 2026 09:18 AM

undertrial prisoner who escaped from haryana police custody nabbed after 11 days

हरियाणा के कुरुक्षेत्र में सरकारी अस्पताल के कैदी वार्ड से फरार हुआ हवालाती 11 दिन बाद पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पूछताछ में उसकी फरारी की ऐसी कहानी सामने आई, जिसे सुनकर पुलिस भी हैरान रह गई।

कुरुक्षेत्र (रणदीप रोर) : हरियाणा के कुरुक्षेत्र में सरकारी अस्पताल के कैदी वार्ड से फरार हुआ हवालाती 11 दिन बाद पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पूछताछ में उसकी फरारी की ऐसी कहानी सामने आई, जिसे सुनकर पुलिस भी हैरान रह गई।

हवालाती ने बताया कि उसे चिट्टे की तलब लगी थी, इसलिए पुलिस को चकमा देकर भाग निकला। पंजाब के लुधियाना पहुंचकर चिट्टा खरीदने के लिए iPhone चुराया। इसके बाद कपड़ों की जरूरत पड़ी तो खन्ना से बाइक चोरी की और कुरुक्षेत्र लौट आया। उसका इरादा अपने गांव मंडोखरा जाकर कपड़े और पैसे लेने का था। इसी बीच CIA-1 ने गांव में उसके आने की सूचना पर जाल बिछा दिया। जैसे ही वह वहां पहुंचा, पुलिस ने उसे दबोच लिया।

फरारी के बाद सीधे पंजाब पहुंचा 

पुलिस पूछताछ में सतिंद्र ने बताया कि अस्पताल से भागने के बाद वह कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशन पहुंचा। वहां से ट्रेन पकड़कर अंबाला आया और कुछ देर रुकने के बाद पंजाब जाने वाली ट्रेन में सवार हो गया। उसे डर था कि स्टेशन से बाहर निकला तो पुलिस के हाथ लग सकता है।

लुधियाना में पार्क बना ठिकाना 

लुधियाना पहुंचकर वह रेलवे स्टेशन से बाहर निकला और रात गुजारने के लिए पास के एक पार्क में चला गया। दिनभर आसपास घूमता और अंधेरा होते ही पार्क में लौटकर सो जाता। इसी दौरान उसे चिट्टे की तलब लगी, लेकिन जेब में पैसे नहीं थे। नशे की जरूरत और पकड़े जाने के डर के बीच उसने चोरी का रास्ता चुना।

दुकान से iPhone चुराया, चिट्टा खरीदा 

पार्क के पास गली में एक दुकान देखकर वह वहां पहुंचा। मौका मिलते ही दुकानदार का iPhone उठाया और भाग निकला। फोन बेचकर मिले पैसों से उसने चिट्टा खरीदा और वापस पार्क लौट गया। रात को नशा किया और वहीं सो गया। अगले 2-3 दिन इसी तरह गुजर गए।

नशा खत्म हुआ तो बिगड़ी हालत 

नशा खत्म होते ही उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। पुलिस के मुताबिक, वह दिन में दोबारा चोरी करने निकला, लेकिन रास्ते में बेहोश होकर गिर पड़ा। आसपास के लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां 2-3 दिन उसका इलाज चला। तबीयत सुधरी तो उसे दोबारा पकड़े जाने का डर सताने लगा। इसी डर से वह अस्पताल से भी फरार हो गया।

खन्ना में बाइक चुराई, अंबाला पहुंचा

अस्पताल से निकलने के बाद सतिंद्र ट्रेन से खन्ना पहुंचा। वहां एक दिन रुकने के बाद फिर नशे की तलब लगी तो उसने बाइक चुरा ली और अंबाला पहुंच गया। यहां एक जानकार से चिट्टा खरीदा। इसके बाद उसने अपने गांव लौटने की तैयारी शुरू कर दी।

बाबैन के गांव मंडोखरा निवासी सतिंद्र को कुरुक्षेत्र पुलिस ने 1 सितंबर को महिला से बालियां झपटने के मामले में गिरफ्तार किया था। पुलिस के मुताबिक, उसने ईशरगढ़ गांव में सुंदर देवी के कान से बालियां झपटीं और भाग निकला। ग्रामीणों ने पीछा कर उसे शाहाबाद बाजार में पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस के अनुसार, सतिंद्र पर कुरुक्षेत्र और करनाल में चोरी, छीनाझपटी, लड़ाई-झगड़े और मारपीट के 10 केस दर्ज हैं। नशे की लत के चलते वह लगातार वारदात करता रहा।

जेल में सुसाइड की कोशिश की

गिरफ्तारी के बाद सतिंद्र को जिला जेल भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक, 3-4 सितंबर की रात उसने जेल में फंदा लगाकर सुसाइड की कोशिश की। हालत बिगड़ने पर उसे LNJP सिविल अस्पताल लाया गया। डॉक्टरों ने उसकी शारीरिक और मानसिक स्थिति को देखते हुए कैदी वार्ड में भर्ती कर दिया। 5 सितंबर सुबह करीब 6 बजे सतिंद्र ने पुलिस गार्द से वॉशरूम जाने की बात कही। गार्द उसे वहां ले गया। इसके बाद उसने वाटर कूलर से पानी भरने की बात कही। इसी दौरान वह गार्द को चकमा देकर फरार हो गया।

पुलिस ने गांव के आसपास रखी नजर

कुरुक्षेत्र CIA-1 के इंचार्ज प्रतीक कुमार ने बताया कि 1 सितंबर को बालियां झपटने के बाद पूछताछ में सतिंद्र ने बताया था कि वारदात के बाद वह शाहाबाद, बाबैन और अंबाला में छिपता रहा। इसके बाद टीम ने इन जगहों के साथ उसके गांव और घर पर भी नजर रखनी शुरू कर दी।

पुलिस को अंदेशा था कि वह घर जरूर आएगा। इसलिए ASI गिरीवर शर्मा की टीम ने गांव की ओर जाने वाले रास्तों पर जाल बिछाया था। ईशरगढ़ पुल के पास पंजाब नंबर की बाइक दिखी तो टीम ने सतिंद्र को दबोच लिया। उसके पास से चोरी की बाइक भी बरामद हुई। पहचान छिपाने के लिए उसने बाल और दाढ़ी भी कटवा ली थी।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!