Edited By Isha, Updated: 24 Sep, 2026 11:08 AM

अंबाला-हिसार हाईवे पर तीन नकाबपोश बदमाशों ने दो बच्चों के साथ पैदल जा रही महिला को घेरकर लूट का प्रयास किया। एक बदमाश ने महिला के सिर पर रिवाल्वर तान दी, जबकि दूसरे ने उसके कान से सोने की बाली झपट ली। बदमाश जब दूसरी बाली निकालने लगे तो महिला ने...
कुरुक्षेत्र(कपिल शर्मा): अंबाला-हिसार हाईवे पर तीन नकाबपोश बदमाशों ने दो बच्चों के साथ पैदल जा रही महिला को घेरकर लूट का प्रयास किया। एक बदमाश ने महिला के सिर पर रिवाल्वर तान दी, जबकि दूसरे ने उसके कान से सोने की बाली झपट ली। बदमाश जब दूसरी बाली निकालने लगे तो महिला ने विरोध शुरू कर दिया। मां को बदमाशों से भिड़ता देख उसके दोनों बच्चे भी पीछे नहीं हटे। इस दौरान बदमाशों ने महिला के बेटे पर भी रिवाल्वर तान दी, लेकिन मां-बच्चों ने शोर मचाते हुए उनका विरोध जारी रखा। खींचतान में महिला का कान लहूलुहान हो गया, लेकिन वह दूसरी बाली बचाने में कामयाब रही। विरोध बढ़ता देख तीनों बदमाश बाइक पर सवार होकर इस्माइलाबाद की ओर फरार हो गए।
बस से उतरकर बच्चों के साथ जा रही थी घर
गांव चम्मू कलां निवासी बेअंत कौर अपने बेटे और बेटी के साथ इस्माइलाबाद बस अड्डे से बस में सवार हुई थी। गंगहेड़ी गांव के बस अड्डे के पास वह बच्चों के साथ बस से उतरी और घर जाने के लिए पैदल चलने लगी। बताया गया कि 152-डी एक्सप्रेसवे के एंट्री प्वाइंट के पास पुल के दूसरी ओर पहुंचते ही बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाश उनके सामने आ गए।
एक ने सिर पर तानी रिवाल्वर, दूसरे ने बाली झपटी
महिला के अनुसार, बदमाशों में से एक ने रिवाल्वर निकालकर उसके सिर पर तान दी। इसी दौरान दूसरे बदमाश ने उसके कान से सोने की बाली झपट ली। इसके बाद बदमाशों ने दूसरी बाली निकालने का प्रयास किया तो महिला ने उनका विरोध शुरू कर दिया। महिला ने बाली बचाने के लिए बदमाश से हाथापाई की, जिसमें उसका कान कट गया और खून बहने लगा।
बेटे पर भी तानी रिवाल्वर
मां को बदमाशों से भिड़ता देख उसके दोनों बच्चे भी उसके साथ खड़े हो गए। बदमाशों ने बच्चों को डराने के लिए महिला के बेटे पर भी रिवाल्वर तान दी। इसके बावजूद मां और दोनों बच्चे पीछे नहीं हटे। तीनों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। लगातार विरोध और शोर बढ़ता देख बदमाश दूसरी बाली नहीं निकाल सके और मौके से फरार हो गए।
महिला बोली- सामने आए तो पहचान लूंगी
वारदात की सूचना मिलते ही महिला के परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। महिला ने पुलिस को बताया कि यदि बदमाश उसके सामने आए तो वह उन्हें पहचान सकती है। इसके बाद पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में तलाश शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस आरोपियों की पहचान के लिए हाईवे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। थाना इस्माइलाबाद पुलिस के साथ सीआईए की टीम भी मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस बदमाशों के आने-जाने वाले रास्तों की फुटेज खंगालने के साथ उनकी पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।