Edited By Isha, Updated: 23 Sep, 2026 11:34 AM

जनहित और विकास कार्यों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों पर गाज गिरना शुरू हो गई है। नगर निगम हाउस की बैठक में पार्षदों के भारी हंगामे और मेयर सुमन बहमनी की सिफारिश के बाद कनिष्ठ अभियंता पंकज को
यमुनानगर : जनहित और विकास कार्यों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों पर गाज गिरना शुरू हो गई है। नगर निगम हाउस की बैठक में पार्षदों के भारी हंगामे और मेयर सुमन बहमनी की सिफारिश के बाद कनिष्ठ अभियंता पंकज को तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद ने जेई के निलंबन के औपचारिक आदेश जारी कर दिए हैं।
प्रॉपर्टी ID के नाम पर जनता को परेशानी का आरोप
सदन की बैठक के दौरान पार्षदों ने प्रॉपर्टी आईडी बनाने जैसे जनहित के अति-महत्वपूर्ण कार्यों में हो रही देरी और आम जनता को आ रही परेशानियों को लेकर जोरदार हंगामा किया। पार्षदों का आरोप था कि कनिष्ठ अभियंता पंकज की लापरवाही के कारण आम नागरिकों को दफ्तरों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं और उनका काम अटका पड़ा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सदन की बैठक में ही जेई पंकज को बुलाकर उनका पक्ष सुना गया। हालांकि, जेई द्वारा दिए गए स्पष्टीकरण से पार्षद संतुष्ट नहीं हुए और उन्होंने एक सुर में उनके निलंबन की मांग उठाई। पार्षदों के असंतोष को देखते हुए मेयर सुमन बहमनी ने सख्त रुख अपनाया और निलंबन की सिफारिश कर दी।
6 महीने के विकास कार्यों की होगी गहन जांच
निलंबन के साथ ही जेई पंकज की कार्यप्रणाली और उनके द्वारा पिछले 6 महीनों के दौरान करवाए गए तमाम विकास कार्यों की गहन समीक्षा की जाएगी। इसके लिए सहायक अभियंता (AE) मृणाल जायसवाल के नेतृत्व में एक विशेष जांच कमेटी का गठन कर दिया गया है, जो जल्द ही अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।