हरियाणा की युवती से गैंगरेप; यूपी के 2 पुलिसकर्मी और CRPF के 2 जवान गिरफ्तार, सोनीपत से घूमने निकली थी

Edited By Krishan Rana, Updated: 24 Sep, 2026 05:04 PM

haryana woman gang raped two up policemen and two crpf jawans arrested she had

यूपी के अमरोहा जिले में एक फार्महाउस में हरियाणा के फतेहाबाद निवासी करीब 24 वर्षीय युवती से कथित सामूहिक दुष्कर्म के

हरियाणा डेस्क : यूपी के अमरोहा जिले में एक फार्महाउस में हरियाणा के फतेहाबाद निवासी करीब 24 वर्षीय युवती से कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले में उत्तर प्रदेश के 2 पुलिसकर्मियों और CRPF के 2 कर्मियों को गिरफ्तार किया गया है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, कथित घटना अमरोहा जिले के हसनपुर क्षेत्र में हुई। इस मामले में हसनपुर थाने में तैनात एक उप निरीक्षक और एक हेड कांस्टेबल तथा CRPF के एक उप निरीक्षक और एक हेड कांस्टेबल को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस अधीक्षक लखन सिंह यादव के अनुसार, हरियाणा के फतेहाबाद निवासी महिला ने आरोप लगाया है कि 20 सितंबर को उसकी एक महिला परिचित ने उससे संपर्क किया था और अमरोहा में धार्मिक स्थलों की यात्रा के लिए उसे CRPF निरीक्षक मोहित से मिलने को कहा था।

मोहित मुजफ्फरनगर जिले के सौरंग गांव का निवासी है। उन्होंने बताया कि महिला ने 21 सितंबर को हरियाणा के सोनीपत में मोहित से मुलाकात की। वहां से दोनों मेरठ गए, जहां मोहित का सहयोगी सीआरपीएफ हेड कांस्टेबल लालाराम यादव भी उनके साथ शामिल हो गया। लालाराम राजस्थान के अलवर का रहने वाला है।

पुलिस के अनुसार, 22 सितंबर की शाम दोनों लोग महिला को कार से अमरोहा के हसनपुर ले गए और रास्ते में उप निरीक्षक संजय तोमर को भी साथ ले लिया। आरोप है कि तीनों उसे अतरासी-हसनपुर मार्ग स्थित एक फार्महाउस पर ले गए, जहां उन्होंने 2 कमरे किराए पर लिए। शिकायत के अनुसार, पुलिस हेड कांस्टेबल प्रमोद ने समूह के लिए खाना और शराब की व्यवस्था की। 

आरोप है कि बाद में शाम को मोहित, लालाराम और तोमर ने बारी-बारी से महिला से दुष्कर्म किया। इसके बाद प्रमोद कमरे में आया और दुष्कर्म का प्रयास किया, लेकिन महिला ने उसे धक्का देकर बाहर कर दिया और दरवाजा बंद कर पुलिस हेल्पलाइन नंबर ऑनलाइन तलाश किया। पुलिस के अनुसार, महिला ने बुधवार सुबह करीब 6 बजे पुलिस से संपर्क किया। हसनपुर और रजबपुर थाने की पुलिस टीमें मौके पर पहुंचीं, महिला को सुरक्षित बाहर निकाला और चारों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।

एसपी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ अपहरण या बहला-फुसलाकर ले जाने और सामूहिक दुष्कर्म से संबंधित भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

उन्होंने बताया कि स्थानीय उप निरीक्षक के निलंबन के बाद उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है। वहीं, सीआरपीएफ के दोनों कर्मियों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की सिफारिश करते हुए सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारियों को रिपोर्ट भेजी गई है।

हसनपुर कोतवाली प्रभारी अमर पाल सिंह ने बताया कि जिस फार्महाउस में कथित घटना हुई, वह उत्तराखंड के एक निर्दलीय विधायक का बताया जा रहा है। पुलिस ने संपत्ति के प्रबंधक से पूछताछ की है और मामले की जांच जारी है। 

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)   

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!