Edited By Isha, Updated: 24 Sep, 2026 09:55 AM

हादुरगढ़ के नया गांव बाइपास पर देर रात एक तेज रफ्तार गाड़ी डिवाइडर कूदकर दूसरी कार से जा टकराई। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार में सवार एक महिला की मौत हो गई, जबकि एक महिला समेत चार लोग घायल हो गए।
बहादुरगढ़ (प्रवीण कुमार धनखड़): बहादुरगढ़ के नया गांव बाइपास पर देर रात एक तेज रफ्तार गाड़ी डिवाइडर कूदकर दूसरी कार से जा टकराई। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार में सवार एक महिला की मौत हो गई, जबकि एक महिला समेत चार लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए शहर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है।
मृतका की पहचान फूलन देवी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार ग्वालियर निवासी रामावतार अपने परिवार के साथ नांगलोई दिल्ली में रहते हैं। देर रात वह अपनी अर्टिगा कार में परिवार के सदस्यों के साथ नांगलोई से हिसार के लिए रवाना हुए थे। कार में रामावतार, उनके दामाद वीरेंद्र, बेटी लक्ष्मी, फूलन देवी, शिवम और बेटा हर्षित सवार थे।
रामावतार के अनुसार रात करीब साढ़े 11 बजे जब वे नया गांव बाइपास पर पहुंचे, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार गाड़ी डिवाइडर कूदकर उनकी कार से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार में सवार सभी लोग चोटिल हो गए। हादसे के बाद राहगीरों ने घायलों को संभाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने फूलन देवी को मृत घोषित कर दिया।
हादसे में रामावतार के सिर में चोट आई है। उनकी बेटी लक्ष्मी के शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं। लक्ष्मी पांच माह की गर्भवती बताई जा रही है, जिसे बेहतर उपचार के लिए दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं वीरेंद्र और शिवम को भी चोटें आई हैं और उनका उपचार जारी है।
बताया गया है कि रामावतार फूलन देवी को हिसार छोड़ने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान नया गांव बाइपास पर यह दर्दनाक हादसा हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतका के परिजनों के बयान दर्ज होने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।