Edited By Harman, Updated: 01 Oct, 2026 03:25 PM

बहादुरगढ़ के नागरिक अस्पताल की निर्माणाधीन छह मंजिला बिल्डिंग में वीरवार सुबह एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई।
बहादुरगढ़ (प्रवीण धनखड़) : बहादुरगढ़ के नागरिक अस्पताल की निर्माणाधीन छह मंजिला बिल्डिंग में वीरवार सुबह एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान लाइनपार के जोहरी नगर निवासी बिट्टू के रूप में हुई है। उसका शव बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर पर खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। युवक के दोनों हाथों की हड्डियां टूटी हुई थीं और सिर पर भी गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। प्रारंभिक आशंका है कि वह तीन से चार मंजिल की ऊंचाई से नीचे गिरा होगा। हालांकि, युवक खुद गिरा, उसे किसी ने धक्का दिया या उसकी मौत के पीछे कोई अन्य कारण है, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।
परिजनों के अनुसार, बिट्टू नागरिक अस्पताल के पास स्थित एक स्टोर में काम करता था। बुधवार शाम करीब छह बजे काम से छुट्टी होने के बाद वह घर चला गया था। रात करीब आठ बजे वह दोबारा बाइक लेकर घर से निकला। उसने परिजनों को बताया था कि किसी का फोन आया है और उसे जरूरी काम से जाना है। उसने जल्द वापस लौटने की बात कही थी, लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंचा। परिजनों ने रातभर उसकी तलाश की, मगर उसका कोई सुराग नहीं मिला।
वीरवार सुबह निर्माणाधीन बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर पर बिट्टू का शव मिलने की सूचना से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए। अस्पताल परिसर में डिस्पेंसरी के पास युवक की बाइक भी बरामद हुई है।
जांच के दौरान सामने आया है कि घटना से पहले बिट्टू के साथ एक अन्य युवक भी था। वह युवक कौन था और दोनों निर्माणाधीन बिल्डिंग में किस काम से पहुंचे थे, पुलिस इसकी पड़ताल कर रही है। पुलिस मृतक के परिचितों और घटनाक्रम से जुड़े लोगों से पूछताछ कर रही है, ताकि मौत से पहले की परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।
मृतक के पिता जसवंत ने बेटे की हत्या किए जाने की आशंका जताई है। उनका कहना है कि बिट्टू बुधवार रात किसी का फोन आने की बात कहकर घर से निकला था। उसने जल्द वापस आने का भरोसा दिया था, लेकिन इसके बाद वह घर नहीं लौटा। सुबह उसकी मौत की सूचना मिली। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। युवक की मौत हादसा है या इसके पीछे कोई आपराधिक साजिश है, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्यों और पुलिस जांच के बाद ही चल पाएगा।