हरियाणा के 23 जिलों में युवाओं के स्टार्टअप विचारों को मिलेगा मंच, मुख्यमंत्री ने किया योजना का शुभारंभ...जानें क्या है खास

Edited By Isha, Updated: 02 Oct, 2026 07:49 PM

youth startup ideas to get a platform across 23 districts of haryana

हरियाणा में युवाओं और नवोदित उद्यमियों को अपने विचारों को व्यवसाय में बदलने के अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में ‘स्टार्टअप हरियाणा सेवा संकल्प-विचार से विस्तार तक’ कार्यक्रम का...

कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा): हरियाणा में युवाओं और नवोदित उद्यमियों को अपने विचारों को व्यवसाय में बदलने के अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में ‘स्टार्टअप हरियाणा सेवा संकल्प-विचार से विस्तार तक’ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह की उपस्थिति में शुरू किया गया यह तीन महीने का राज्यव्यापी कार्यक्रम प्रदेश के सभी 23 जिलों में उद्यमशीलता और नवाचार को बढ़ावा देगा।

कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं, विद्यार्थियों, स्टार्टअप संचालकों और जमीनी स्तर पर नए विचारों पर काम कर रहे लोगों को पहचानकर उन्हें प्रशिक्षण, मार्गदर्शन, वित्तीय सहायता और निवेशकों से जुड़ने के अवसर उपलब्ध करवाना है। इसके तहत 3 लाख से अधिक इच्छुक उद्यमियों और स्टार्टअप्स को जोड़ने, 50 संभावनाशील प्रतिभागियों को फाइनल तक पहुंचाने तथा शीर्ष 10 को पुरस्कृत करने का लक्ष्य रखा गया है।

जिला स्तर पर होंगे आइडियाथॉन

कार्यक्रम के तहत सभी 23 जिलों में एक दिवसीय जिला आइडियाथॉन आयोजित किए जाएंगे। इनमें प्रतिभागियों को 60 सेकंड में अपने व्यावसायिक विचार प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। इन आयोजनों में लगभग 3,450 प्रतिभागियों के शामिल होने की उम्मीद है। इनमें से करीब 1,150 प्रतिभागियों को सात मॉड्यूल वाली मास्टरक्लास के लिए चुना जाएगा। प्रशिक्षण में उद्यमिता, वित्तीय प्रबंधन और कारोबार को आगे बढ़ाने जैसे विषय शामिल होंगे। इसके बाद लगभग 350 टीमों को व्यक्तिगत मेंटरशिप दी जाएगी।

इन टीमों को उनकी जरूरत और विकास के स्तर के अनुसार दो श्रेणियों में बांटा जाएगा। इसके बाद प्रदेश के चार मंडलों में पिचथॉन आयोजित होंगे, जिनके माध्यम से 50 फाइनलिस्ट चुने जाएंगे। इनमें 25 पंजीकृत ग्रोथ-स्टेज स्टार्टअप्स होंगे, जिन्हें निवेशकों से जुड़ने का अवसर मिलेगा, जबकि अन्य 25 प्रतिभागी इच्छुक उद्यमियों, विद्यार्थियों और जमीनी नवाचारकर्ताओं की श्रेणी से होंगे, जिन्हें अनुदान आधारित सहायता के लिए तैयार किया जाएगा।

15 लाख रुपये तक के पुरस्कार

कार्यक्रम के पुरस्कार ढांचे के अनुसार, निवेशक श्रेणी के शीर्ष पांच स्टार्टअप्स को क्रमशः 15 लाख, 12 लाख, 10 लाख, 7.5 लाख और 5 लाख रुपये दिए जाएंगे। वहीं, इच्छुक उद्यमियों और जमीनी नवाचारकर्ताओं की श्रेणी के शीर्ष पांच विजेताओं को क्रमशः 5 लाख, 4 लाख, 3 लाख, 2 लाख और 1 लाख रुपये के पुरस्कार मिलेंगे।

इसके अतिरिक्त प्रतिभागियों को राज्य स्टार्टअप सीड ग्रांट के लिए विचार किए जाने, क्लाउड क्रेडिट, इन्क्यूबेशन सहायता और उद्योग जगत से संपर्क के अवसर भी उपलब्ध करवाए जाएंगे। सभी 50 फाइनलिस्ट को प्रमाणपत्र और स्मृति चिह्न दिए जाएंगे। चयनित स्टार्टअप्स को मुख्यमंत्री के समक्ष अपने विचार प्रस्तुत करने का अवसर भी मिलेगा।

दो नए इन्क्यूबेटर स्थापित होंगे

शुभारंभ समारोह के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दो नए इन्क्यूबेटर स्थापित करने के लिए जेसी बोस विश्वविद्यालय और स्टार्टअप एक्सेलरेटर चैंबर ऑफ कॉमर्स को आशय पत्र (एलओआई) सौंपे। ये इन्क्यूबेटर फरीदाबाद और पंचकूला में स्थापित किए जाएंगे। इसके अलावा स्टार्टअप और नवाचार तंत्र को मजबूत करने के लिए जोहो कॉर्पोरेशन प्राइवेट लिमिटेड और पेटीएम पेमेंट्स के साथ भी आशय पत्रों पर हस्ताक्षर किए गए।

मुख्यमंत्री ने हरियाणा राज्य स्टार्टअप नीति-2022 के तहत सीड फंडिंग प्राप्त करने वाले 11 स्टार्टअप्स को चेक भी वितरित किए। इस पहल का उद्देश्य नए उद्यमों को शुरुआती वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाने के साथ उन्हें आगे बढ़ने के लिए जरूरी संसाधनों और विशेषज्ञ मार्गदर्शन से जोड़ना है।

यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के जनसेवा कार्यकाल को समर्पित व्यापक सेवा संकल्प अभियान का हिस्सा है। इसके माध्यम से गुरुग्राम और फरीदाबाद जैसे स्थापित स्टार्टअप केंद्रों के अलावा प्रदेश के अन्य जिलों, कस्बों, विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में भी उद्यमिता को प्रोत्साहित करने की योजना है। ‘आपका जिला, आपका आइडिया, आपका मंच’ के संदेश के साथ इस पहल के जरिए स्थानीय प्रतिभाओं को अपने विचारों को व्यावसायिक उद्यम में बदलने का अवसर देने पर जोर दिया गया है।

इस अवसर पर उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के आयुक्त एवं सचिव अमित कुमार अग्रवाल, महानिदेशक डॉ. यश गर्ग, पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा, उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा, पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन, मुख्य तकनीकी अधिकारी नीतिन बंसल, एडवोकेट वेद पाल, गुरनाम सैनी, रविंद्र सांगवान, भाजपा जिला अध्यक्ष रमेश सैनी, जिला परिषद चेयरपर्सन कंवलजीत कौर, राहुल राणा, धर्मवीर मिर्जापुर और संजय कौशिक सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!